इस हफ्ते 13 आईपीओ में निवेश का मौका, जानिए कितना मिल सकता है फायदा
मुंबई- सेकेंडरी बाजार की तरह ही प्राइमरी बाजार में भी धूम है। इस हफ्ते 13 कंपनियां मेन बोर्ड और एसएमई बोर्ड पर लिस्ट होने के लिए आईपीओ ला रही हैं। ऐसे में इसमें से कई कंपनियों में निवेश का अवसर है।
लंबे समय बाद एक बार फिर प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गमों (आईपीओ) की बाढ़ आ रही है। इस हफ्ते में कुल 13 आईपीओ आ रहे हैं। इसमें से चार मेनबोर्ड पर और बाकी छोटे एवं मझोले (एसएमई) प्लेटफॉर्म पर आएंगे। यह सभी कंपनियां कुल मिलाकर 8,644 करोड़ रुपये जुटाएंगी। इनके अलावा 8 कंपनियों के शेयर एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे।
अगस्त में कुल 17,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जुटाई गई थी। मई, 2022 के बाद का किसी एक महीने में रिकॉर्ड था। इस समय आईपीओ में निवेश पर अच्छा खासा फायदा मिल रहा है। खासकर शेयरों की लिस्टिंग वाले दिन ही निवेशक मालामाल हो जा रहे हैं। ऐसे में आप भी बेहतर कंपनियों को देखकर और पूरी तरह रिसर्च कर पैसे लगा सकते हैं। ग्रे मार्केट का भाव एक अनुमानित भाव होता है और यह कभी भी ऊपर-नीचे हो सकता है।
मुख्य बोर्ड पर लिस्ट होने वाली कंपनियों के आईपीओ में खुदरा निवेशकों को कम से कम 15,000 रुपये का निवेश करना होता है। हालांकि, यह शेयरों के लॉट पर निर्भर होता है, इसलिए यह कभी-कभी 14,000 से 15,000 रुपये के बीच होता है। अधिकतम दो लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकता है।
एसएमई कंपनियों में खुदरा निवेशकों को सुरक्षा देने के लिहाज से न्यूनतम निवेश एक लाख रुपये रखा गया है। इसलिए छोटी कंपनियों के आईपीओ में खुदरा निवेशक बहुत कम दांव लगा पाते हैं। हालांकि, इन कंपनियों में निवेशकों को बेहतहासा और अविश्वसनीय रिटर्न हाल के समय में मिला है, जिससे बाजार नियामक सेबी भी इन पर नजर रख रहा है।
इस हफ्ते जिन प्रमुख कंपनियों के आईपीओ आ रहे हैं, उनमें एसएमई प्लेटफॉर्म के श्री तिरुपति बालाजी का भाव 82 रुपये है। ग्रे मार्केट में यह 40 रुपये ऊपर मतलब 123 रुपये पर लिस्ट हो सकता है। यानी 48 फीसदी का फायदा। माई मुद्रा के शेयर का भाव 110 रुपये है। ग्रे मार्केट प्रीमियम 40 रुपये यानी 150 पर लिस्ट होने की उम्मीद। 36 फीसदी का फायदा। दोनों आईपीओ सोमवार को बंद होंगे।
ट्रैफिक सोल का भाव 70 रुपये है। ग्रे मार्केट में प्रीमियम 80 रुपये यानी 150 पर लिस्टिंग। 114 फीसदी का फायदा। एसपीपी पॉलीमर का भाव 59 रुपये और ग्रे मार्केट में प्रीमियम 25 रुपये यानी 84 पर लिस्ट। 42 फीसदी के मुनाफे की उम्मीद। दोनों इश्यू 12 सितंबर को बंद होंगे।
मेनबोर्ड वाले इश्यू का ग्रे मार्केट में भाव काफी ज्यादा है। ज्वेलरी कंपनी पीएन गाडगिल का भाव 480 रुपये तय किया गया है और ग्रे मार्केट में यह 212 रुपये ऊपर ट्रेड कर रहा है यानी 692 रुपये पर लिस्ट की उम्मीद है। कंपनी 1100 करोड़ रुपये जुटाएगी। आईपीओ 12 सितंबर को बंद होगा। बजाज हाउसिंग का आईपीओ का भाव 70 रुपये है और यह 53 रुपये ज्यादा यानी 123 पर लिस्ट हो सकता है। कंपनी 6,560 करोड़ रुपये जुटाएगी। टोलिंस टायर्स के शेयर का भाव 226 रुपये तय है और 30 रुपये ग्रे मार्केट में प्रीमियम है। यानी 256 पर शेयर लिस्ट हो सकता है।
क्रास के शेयर का भाव 240 रुपये है लेकिन यह इसी भाव पर ग्रे मार्केट में है। यानी इसमें कोई कमाई नहीं होनी है। यह तीनों आईपीओ 11 सितंबर को बंद होंगे। किसी भी आईपीओ में निवेश करने से पहले उस पर रिसर्च करें। कंपनी का कारोबार देखें। सोच समझकर निवेश करें। इसमें फायदे के साथ जोखिम भी होता है।

