विस्तारा एयरलाइंस की मुश्किलें बढ़ी, तीसरे दिन भी सैकड़ों फ्लाइटें कैंसिल
मुंबई- विस्तारा एयरलाइन ने 3 अप्रैल को 10 फ्लाइट कैंसिल कर दी। इन्हें दिल्ली से उड़ान भरना था। ये लगातार तीसरा दिन है जब विस्तारा ने फ्लाइट कैंसिल की है। एयरलाइन ने मुंबई से 15, दिल्ली से 12 और बेंगलुरु से 11 उड़ाने कैंसिल की और 1 अप्रैल को करीब 50 उड़ाने रद्द की थीं।
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया था विस्तारा फिलहाल पायलटों की कमी से जूझ रही है। ऐसे में उड़ानों में कटौती करने का फैसला किया गया है। जब तक पायलट की कमी दूर नहीं हो जाती, तब तक लिमिटेड फ्लाइट्स ही ऑपरेट की जाएंगी। कैंसिल हुई फ्लाइट के यात्रियों को रिफंड भी देगी।
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री (MoCA) ने 2 अप्रैल को फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी के संबंध में विस्तारा से डीटेल्ड रिपोर्ट मांगी थी। टाटा ग्रुप और सिंगापुर एयरलाइंस की स्वामित्व वाली कंपनी ने आज की 10 मिलाकर पिछले एक सप्ताह में 110 से ज्यादा उड़ाने कैंसिल की हैं। वहीं, 160 से ज्यादा फ्लाइट लेट हुई है।
विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों में कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं और कई देरी चली हैं। हम इसे स्वीकार करते हैं। ग्राहकों को हुई इस असुविधा के लिए हमें खेद है। हमारी टीम इसे कम करने में जुटी है। इसलिए हमने फ्लाइट्स की संख्या कम करने का फैसला लिया है, जिससे हम अपने नेटवर्क में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कर सकें।’
एयरलाइन ने बताया कि उसने डोमेस्टिक रूट्स पर B787-9 ड्रीमलाइनर और A321 नियो जैसे बड़े एयरक्राफ्ट को तैनात किया है, ताकि एक बार में ज्यादा से ज्यादा संख्या में यात्री उड़ान भर सकें। विस्तारा ने कहा कि कस्टमर्स को वैकल्पिक फ्लाइट ऑप्शंस के साथ नियमों के तहत रिफंड भी ऑफर किया जा रहा है।
एयरलाइन के कम से कम 15 पायलटों ने इस्तीफा दे दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक एअर इंडिया के साथ मर्जर के फैसले के बाद कंपनी ने टर्म्स और सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव किया है, जिसके विरोध में पायलट छुट्टी पर जा रहे हैं।
