TCS 6 महीने में 35 हजार लोगों की करेगी भर्ती, 36 पर्सेंट कर्मचारी महिलाएं हैं

मुंबई- टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (TCS) अगले 6 महीने में 35 हजार फ्रेशर्स की भर्ती करेगी। अप्रैल से सितंबर के बीच कंपनी ने 43 हजार लोगों को नौकरी दी थी। कंपनी का शेयर शुक्रवार को 3,935 रुपए पर बंद हुआ। मार्केट कैप 14.55 लाख करोड़ रुपए रहा।  

TCS ने वित्त वर्ष 2021-22 यानी इस साल अप्रैल से अगले साल मार्च तक 78 हजार फ्रेशर्स की भर्ती का लक्ष्य रखा है। हालांकि जितने कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ी और जितने कर्मचारियों की भर्ती हुई, अगर उस हिसाब से देखें तो केवल 19 हजार फ्रेशर्स ही बढ़े हैं। दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान कंपनी की सभी वर्टिकल और मार्केट्स में दो अंकों में ग्रोथ रही। कंपनी ने कल कहा कि वह 7 रुपए का प्रति शेयर डिविडेंड देगी।  

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेश गोपीनाथन ने बताया कि कंपनी का रेवेन्यू जुलाई से सितंबर के बीच 46,867 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले इसी अवधि में 40 हजार करोड़ रुपए के रेवेन्यू की तुलना में यह 16.8% ज्यादा है। कंपनी में कर्मचारियों द्वारा नौकरी छोड़ने की दर 11.9% रही। इससे पहले की तिमाही में यह दर 8.6% की थी। यानी जून तिमाही की तुलना में सितंबर तिमाही में ज्यादा कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ी। इसी दौरान TCS ने 7.6 अरब डॉलर की नई डील हासिल की।  

TCS ने बताया कि मैन्युफैक्चरिंग में उसकी ग्रोथ 21.7% की रही, जबकि लाइफ साइंसेस में 19% की ग्रोथ रही। गोपीनाथन के कहा कि अच्छी मांग की वजह से कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। TCS सहित पूरा टाटा ग्रुप शुक्रवार को एअर इंडिया की घर वापसी का जश्न मना रहा था।  

गोपीनाथन ने कहा कि कंपनी एअर इंडिया को रिवाइव करने और इसे फिर से सही रास्ते पर लाने के लिए काम करेगी। डॉलर के मामले में कंपनी का रेवेन्यू 6.33 अरब डॉलर दूसरी तिमाही में रहा। TCS में कुल कर्मचारियों की संख्या इस समय 528,748 है। इसमें 36.2% संख्या महिलाओं की है।  

TCS ने कहा कि इसके 70% कर्मचारियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। 95% कर्मचारियों को पहली डोज लगी है। दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 14.1% बढ़ा है। इसका शुद्ध लाभ 9,624 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह 8,433 करोड़ रुपए था। हालांकि कंपनी ने 1,218 करोड़ रुपए का कानूनी दावों के लिए प्रोविजन भी किया है। अगर इसे निकाल दें तो इसका शुद्ध फायदा 7,475 करोड़ रुपए रहेगा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *