इस शेयर में मिल सकता है 40 पर्सेंट का रिटर्न, ब्रोकरेज ने दी खरीदने की सलाह

मुंबई- फोर्टिस हेल्थकेयर के सितंबर तिमाही में बेहतर प्रदर्शन के बाद कुछ ब्रोकरेज को शेयर में अच्छी तेजी की उम्मीद है, जबकि कुछ मार्जिन पर दबाव और बढ़ती लागत को लेकर सतर्क हैं। एक ब्रोकरेज ने शेयर में करीब 40 फीसदी तेजी की संभावना जताई है। वहीं, दूसरे ने अपनी रेटिंग घटा दी है।

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और मोतीलाल ओसवाल ने फोर्टिस के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। इनका अनुमान है कि यह शेयर 810 से 1075 रुपये तक जा सकता है। ICICI सिक्योरिटीज ने फोर्टिस हेल्थकेयर पर खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट 1,075 रुपये रखा है। यह 767 रुपये के भाव से करीब 40 फीसदी की तेजी दिखाता है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, सितंबर तिमाही में कंपनी के अस्पताल कारोबार ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। मरीजों की संख्या बढ़ने और प्रति मरीज औसत कमाई में सुधार से अस्पताल कारोबार की आय सालाना आधार पर 18.6 फीसदी बढ़ी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में करीब 300 बेड जोड़े, जिससे उसकी क्षमता लगभग 6 फीसदी बढ़ी। इसके बावजूद अस्पताल कारोबार के मार्जिन पर दबाव नहीं पड़ा।

ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2025-26 से 2028-29 के दौरान 1,000 से 1,100 अतिरिक्त बेड जोड़ने की योजना कंपनी की आय बढ़ाने में मदद करेगी। हालांकि, कैंसर की दवाओं के ट्रेड मार्जिन पर पाबंदी के असर को देखते हुए ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 के परिचालन मुनाफे के अनुमान में करीब 1 फीसदी कटौती की है।

मोतीलाल ओसवाल ने फोर्टिस हेल्थकेयर पर खरीदारी की सलाह बरकरार रखते हुए 940 रुपये का टारगेट दिया है। यह रिपोर्ट में दिए गए 767 रुपये के भाव से करीब 22.6 फीसदी ऊपर है। ब्रोकरेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अस्पताल और डायग्नोस्टिक्स दोनों कारोबार का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा। सितंबर तिमाही में अस्पताल कारोबार की आय 18.8 फीसदी बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *