ग्रो को चौथी तिमाही में 686 करोड़ रुपये का फायदा, राजस्व 81 फीसदी बढ़ा

मुंबई– स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म ‘ग्रो (Groww)’ की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन गैरेज वेंचर्स का मार्च तिमाही में शुद्ध मुनाफा पिछले साल से 122% बढ़कर 686 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पिछले साल इसी तिमाही में 309 करोड़ रुपये था।

कंपनी का रेवेन्यू भी मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 81% बढ़कर 1,536 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 850 करोड़ रुपये रहा था। यह बढ़त ऐसे समय आई है जब पूरे ब्रोकिंग सेक्टर में कुछ सुस्ती देखने को मिल रही है।

Groww ने अपने यूजर बेस और मार्केट शेयर में भी बढ़त जारी रखी। कंपनी के यूजर्स की संख्या सालाना आधार पर 20% बढ़कर 2.1 करोड़ से अधिक हो गई। इसके साथ ही कुल कस्टमर एसेट्स 35% बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें हल्की गिरावट देखी गई।

कंपनी के मुताबिक, ऑपरेटिंग लीवरेज का फायदा सभी खर्चों पर दिखाई दिया, जिससे प्रॉफिट मार्जिन सालाना आधार पर 8.3% बढ़कर 44.7% हो गया। कंपनी ने अपने शेयरहोल्डर लेटर में कहा कि जैसे-जैसे रेवेन्यू तेजी से बढ़ता है और लागत स्थिर रहती है, मार्जिन में आगे भी सुधार की संभावना बनी रहती है।

ग्रो की राइवल कंपनी एंजल वन (Angle One) का भी मार्च तिमाही में प्रदर्शन शानदार रहा था। कंपनी की नेट सेल्स 40% बढ़कर 1,444 करोड़ रुपये हो गई। वहीं इसका शुद्ध मुनाफा लगभग दोगुना होकर मार्च 2026 में 351 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल मार्च 2025 में 180 करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *