सोने की कीमतों में आएगी भारी गिरावट, 15,000 रुपये तक टूट सकता है भाव

मुंबई- साल की शुरुआत में रिकॉर्ड तेजी के साथ सोना $5,500 प्रति औंस के पार पहुंच गया था। लेकिन अब यह $4,000 के नीचे कारोबार कर रहा है। साल 2026 में अब तक इसकी कीमत 8% से ज्यादा गिर चुकी है। सोने में अभी और गिरावट की आशंका है। पिछले कुछ दिनों के दौरान सोने की कीमतों में तेज गिरावट आई है।

ब्रोकरेज फर्म नोमुरा के ताजा रिसर्च नोट के मुताबिक, सोने का भाव $3,500 प्रति औंस तक आ सकता है। यह $3,947 के मौजूदा स्तर से करीब 11% गिरावट का संकेत देता है। भारत में 10 ग्राम सोने का मौजूदा भाव करीब ₹1.39 लाख है। अगर इसमें 11% की गिरावट आती है, तो सोना लगभग 15,290 रुपये सस्ता होकर 1.23 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है।

बाजार में लगातार मुनाफावसूली से सोने पर दबाव बना हुआ है। बिकवाली के चलते कीमतें अब ओवरसोल्ड जोन के करीब पहुंच रही हैं। हालांकि, सोने में टिकाऊ रिकवरी के लिए नई खरीदारी और ग्लोबल संकेतों का साथ जरूरी होगा। इस हफ्ते अमेरिकी चुनाव, बेरोजगारी के आंकड़े और नॉन-फार्म पेरोल डेटा पर बाजार की नजर रहेगी।

कोटक नियो की AVP और कमोडिटी रिसर्चर कायनात चेनवाला के मुताबिक, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजे सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। चुनाव से अमेरिका की एनर्जी पॉलिसी और ईरान को लेकर वॉशिंगटन के रुख के संकेत मिलेंगे। इसका असर सोने की चाल पर भी दिख सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *