एनएसई के आईपीओ ने किया निराश, सिर्फ 15 रुपये बढ़कर लिस्ट हुआ शेयर

मुंबई- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई के शेयरों ने निवेशकों को निराश किया है। गुरुवार को इसके शेयर बीएसई पर लिस्ट हुए। ये शेयर 1800 रुपये पर लिस्ट हुए जबकि आईपीओ में भाव 1785 रुपये था। यानी केवल 15 रुपये का ही फायदा मिला है। यानी 0.84 फीसदी का फायदा।

हालांकि, लिस्टिंग के कुछ ही देर बाद इसमें अच्छी खरीदारी देखने को मिली और शेयर 5.14% चढ़कर ₹1,876 के दिन के हाई पर पहुंच गया। कारोबार खत्म होने पर इसका शेयर सिर्फ 1% चढ़कर 1818 रुपए पर बंद हुआ। लिस्टिंग के साथ ही देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज अब एक पब्लिकली ट्रेडेड कंपनी बन गया है।

लिस्टिंग सेरेमनी के दौरान NSE के MD और CEO आशीष कुमार चौहान ने बताया कि इस आईपीओ में 34 लाख से ज्यादा रिटेल निवेशकों को शेयर अलॉट किए गए हैं। ये IPO कुल 5.71 गुना सब्सक्राइब हुआ था। निवेशकों ने कुल 8.86 करोड़ शेयरों के मुकाबले 50.28 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाईं थी।

इसमें सबसे ज्यादा मांग बड़े विदेशी व घरेलू फंड्स यानी QIB की तरफ से आई और उनका कोटा 12.68 गुना भरा। वहीं अमीर निवेशकों यानी NII का हिस्सा 6.55 गुना और आम खुदरा यानी रिटेल निवेशकों का कोटा 1.39 गुना सब्सक्राइब हुआ था। ₹22,562 करोड़ का यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल था। यानी इस IPO में नए शेयर जारी नहीं की गए थे। मौजूदा निवेशकों ने अपने शेयर बेचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *