एसएमई ने बनाया रिकॉर्ड, आईपीओ में 177 करोड़ के बजाय मिले 17000 करोड़ के सब्सक्रिप्शन
अजीत सिंह
मुंबई- एसएमई कंपनियों के आईपीओ पर निवेशक फिदा हैं। तभी तो इनका रिकॉर्ड बनता जा रहा है। 5 अगस्त को बंद हुए अनाविल वायर एंड इंजीनियरिंग कंपनी के एसएमई आईपीओ को कुल 17,631 करोड़ रुपये के सब्सक्रिप्शन मिले हैं। जबकि कंपनी को केवल 177 करोड़ रुपये जुटाने थे।
एक्सचेंजों के मुताबिक, कंपनी के आईपीओ को 65.30 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। जबकि इसने केवल 43.78 लाख शेयर ही जारी किया था। यानी इसे कुल 149 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। आईपीओ में रिटेल निवेशकों का हिस्सा 104 गुना भरा जबकि एनआईआई का हिस्सा 233 गुना और क्यूआईबी का हिस्सा 164 गुना से ज्यादा भरा। छोटे एनआईआई जिन्होंने केवल 10 लाख रुपये तक का निवेश किया उनका हिस्सा 289 गुना भरा है।
इस इश्यू में 13,00,800 शेयरों की ‘ऑफ़र-फ़ॉर-सेल’ (OFS) शामिल थी, जिनकी कीमत 35.12 करोड़ रुपये थी, और साथ ही ₹142.69 करोड़ मूल्य के 52,84,800 शेयरों का ‘फ्रेश इश्यू’ भी था। यह आईपीओ 10 अगस्त को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होगा।
अनाविल् वायर के शेयरों में ग्रे मार्केट में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। मार्केट ट्रैकर्स के अनुसार, आज इसका IPO GMP ₹78 प्रति शेयर है। इस प्रीमियम के आधार पर स्टॉक के ₹348 प्रति शेयर के आसपास लिस्ट होने का अनुमान है, जो ₹270 के IPO प्राइस के मुकाबले 28.89% की बढ़त दिखाता है।

