एलआईसी का शेयर 10 प्रतिशत सस्ते पर दे रही है सरकार, यह है इसका भाव
मुंबई- सरकार देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) में अपनी 6.5 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने जा रही है। यह बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए होगी, जो मंगलवार से दो दिनों के लिए खुलेगा। सरकार ने इसके लिए 382 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है।
इस इश्यू में गैर-खुदरा (Non-Retail) निवेशक मंगलवार को बोली लगा सकेंगे, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए यह बुधवार को खुलेगा। अगर यह OFS पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाता है, तो करीब 82.22 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचकर सरकार के विनिवेश खाते में लगभग 31,000 करोड़ रुपये आएंगे।
DIPAM के सचिव अरुणिम चावला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, सरकार 2.5 प्रतिशत इक्विटी की बिक्री कर रही है, जिसमें 4 प्रतिशत का अतिरिक्त ‘ग्रीन शू ऑप्शन’ भी शामिल रखा गया है। सरकार की ओर से तय किया गया 382 रुपये का फ्लोर प्राइस, BSE पर सोमवार के बंद भाव (424.35 रुपये) की तुलना में करीब 10 प्रतिशत डिस्काउंट पर है। LIC का मौजूदा मार्केट कैप 5.36 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। सोमवार को इसके शेयर 0.12 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।
इस हिस्सेदारी बिक्री का मुख्य मकसद बाजार नियामक SEBI के मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों को समय से पहले पूरा करना है। सेबी ने LIC को मई 2026 तक कम से कम 10 प्रतिशत पब्लिक शेयरहोल्डिंग हासिल करने की मोहलत दी थी। फिलहाल LIC में सरकार की 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
इससे पहले सरकार ने मई 2022 में IPO के जरिए 3.5 प्रतिशत हिस्सा बेचकर करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। चालू वित्त वर्ष में सरकार अब तक सात सरकारी कंपनियों में हिस्सेदारी बेचकर और SUUTI से कुल 21,082 करोड़ रुपये हासिल कर चुकी है।

