इस हफ्ते सात कंपनियों के आईपीओ में निवेश का है मौका, ये हैं इनके भाव
मुंबई- आईपीओ में अगर आप निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो इस हफ्ते सात कंपनियां बाजार में उतर रही हैं। लेकिन किसी भी निवेश से पहले आपको बाजार के विश्लेषकों से सलाह लेकर ही निवेश करना चाहिए। हम बता रहे हैं इन आईपीओ के बारे में।
इन आईपीओ में Ardee Industries, LEAP India और Technocraft Ventures के तीन मेनबोर्ड इश्यू शामिल हैं। प्राइमरी मार्केट में आने वाले SME इश्यू में Anawil Wire & Engineering, Aegeus Technologies, LAPL Automotive और Optimystix Entertainment India शामिल हैं।
इस हफ़्ते लिस्टिंग के लिए तय कंपनियों में मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज, MV इलेक्ट्रोसिस्टम्स, जुनिपर ग्रीन एनर्जी, एडवांस टेक्नोफोर्ज, प्रॉपशॉप इवेंट्स एंड एग्जीबिशन, पूजा प्रिसिजन इंजीनियरिंग, HR हाइजीन प्रोडक्ट्स, धवल पैकेजिंग, वनइंडिग टेक्नोलॉजीज, फ्यूजन क्लासरूम एडुटेक और GV इलेक्ट्रिकल्स शामिल हैं।
सेकेंडरी मेटल्स और सर्कुलर इकोनॉमी सेक्टर की प्रमुख कंपनी Ardee Industries Ltd 5 अगस्त को 425.87 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च करेगी। इसका हर शेयर का भाव 50 से 53 रुपये तय किया गया है। यह इश्यू सात अगस्त को बंद होगा। इस IPO में ₹320 करोड़ तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और प्रमोटरों संदीप अग्रवाल और निकुंज अग्रवाल की ओर से ₹105.87 करोड़ की कीमत वाले 1.99 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव (OFS) भी शामिल होगा।
नए शेयरों से मिलने वाली रकम में से ₹220 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी की बढ़ती वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा, ₹20 करोड़ कर्ज़ चुकाने के लिए रखे जाएंगे और बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा।
एसेट पूलिंग और सप्लाई चेन सॉल्यूशंस कंपनी Leap इंडिया ने अपने IPO के लिए ₹151 से ₹159 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यह IPO 7 अगस्त से 11 अगस्त तक खुला रहेगा। ₹2,480 करोड़ के इस IPO में ₹480 करोड़ के नए शेयर और ₹2,000 करोड़ का OFS (ऑफर फॉर सेल) शामिल है। नए शेयरों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा।
पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स 7 अगस्त को अपना IPO लॉन्च करेगी। 11 अगस्त को बंद होगा। कंपनी फ्रेश इश्यू और OFS के ज़रिए ₹251.88 करोड़ तक जुटाएगी। इसके लिए प्राइस बैंड ₹200 से ₹212 प्रति शेयर तय किया गया है और एक लॉट में 70 शेयर होंगे। 1998 में बनी टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स लिमिटेड एक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी है, जो टर्नकी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) प्रोजेक्ट्स पर काम करती है।

