एचसीएल के सीईओ मुश्किल में, स्टेज पर कर्मचारियों ने चिल्लाया सैलरी बढ़ाओ
मुंबई- HCL ग्रुप के 50वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान उस वक्त भारी ड्रामा देखने को मिला, जब जश्न के माहौल के बीच कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। कंपनी के CEO सी विजयकुमार के स्टेज पर आते ही हॉल में ‘सैलरी हाइक’ के नारे लगने लगे।
कर्मचारियों की नारेबाजी और शोर के बावजूद CEO विजयकुमार लगातार मुस्कुराते रहे और दर्शकों का अभिवादन करने के लिए हाथ हिलाते रहे। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों के समूह को संबोधित भी किया। इंटरनेट पर लोग इसे एक हाई-प्रोफाइल इवेंट में मैनेजमेंट तक सीधी बात पहुंचाने का मौका बता रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे भीड़ के सामने हुआ एक “ईमानदार कर्मचारी मोमेंट” करार दिया।
सी विजयकुमार ने तमिलनाडु के PSG कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। वे साल 1994 में सीनियर इंजीनियर के तौर पर HCL में शामिल हुए थे और 2016 से कंपनी के CEO हैं। HCL टेक एक ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी है। इसके फाउंडर शिव नाडर हैं। उन्होंने 1976 में इसे स्थापित किया था। इसमें 60 देशों के 2.23 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। जून 2026 को खत्म हुए 12 महीनों में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 14.8 अरब डॉलर यानी करीब ₹1.42 लाख करोड़ रहा।

