13 करोड़ रुपये का शाहरूख का मन्नत, अब 300 करोड़ रुपये हो गई है इसकी कीमत
मुंबई- बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत मिली है। उनके मुंबई स्थित आवास ‘मन्नत’ में दो अतिरिक्त मंजिल जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तटीय विनियमन क्षेत्र (Coastal Regulation Zone-CRZ) की मंजूरी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
शाहरुख खान के इस बंगले की कीमत करीब 300 करोड़ रुपये है। उन्होंने इसे साल 2001 में 13 करोड़ रुपये में खरीदा था चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दौंडकर द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया है। इसमें शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ में सातवीं और आठवीं मंजिल जोड़ने के लिए महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (एमसीजेडएमए) द्वारा दी गई सीआरजेड मंजूरी को वैध ठहराया गया था।
मन्नत मुंबई के बांद्रा (पश्चिम) इलाके में है। सी फेसिंग वाले इस बंगले का एरिया 27,000 वर्ग फुट है। अभी यह 6 महले का बंगला है। अब इसमें दो और फ्लोर जुड़ेंगे। मन्नत बंगले का डिजाइन जितना खूबसूरत है, उतनी की खूबसूरती से इसे सजाया गया है। इस बंगले की नेम प्लेट इसे बहुत खास बनाती है। इसे खुद शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने डिजाइन किया है। मैजिकब्रिक्स के मुताबिक इस नेमप्लेट की कीमत 25 लाख रुपये है। इस नेमप्लेट में हीरे जड़े हैं, जिसके कारण यह इतनी महंगी है।
शाहरुख के पास दुनियाभर के अलग-अलग शहरों में प्रॉपर्टी है जिनकी कुल कीमत करीब 1227 करोड़ रुपये है। इसमें 20 हजार वर्ग फुट में फैला अलीबाग का फार्महाउस भी शामिल है। दिल्ली में भी शाहरुख खान का आलीशान घर है। दुबई के पाम जुमेराह में भी शाहरुख का लग्जरी विला है। उन्होंने इसका नाम जन्नत रखा है। 8500 वर्ग फुट में बने इस विला की कीमत करीब 18 करोड़ रुपये है।
‘हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025’ के अनुसार, शाहरुख खान की अनुमानित कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है। शाहरुख की कमाई सिर्फ फिल्मों से ही नहीं बल्कि कई कारोबार से भी होती है।

