वोडाफोन आइडिया में 4,730 करोड़ रुपये की फंडिंग, शेयर में 5 पर्सेंट की बड़ी तेजी

मुंबई- टेलिकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 6.4 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 15.09 रुपये के हाई तक गया। बाद में 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 14.90 रुपये पर सेटल हुआ। तेजी की वजह आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला का एक बयान और ₹4730 करोड़ का फंडिंग प्लान है। उन्होंने शेयरहोल्डर्स को भरोसा दिलाया है कि वोडाफोन आइडिया अपने इतिहास के सबसे मुश्किल दौरों में से एक से बाहर निकल चुकी है।

बिड़ला ने कहा कि ऑपरेशंस, कस्टमर सर्विस और नेटवर्क विस्तार जैसे सभी क्षेत्रों में कंपनी अपने लक्ष्यों पर फोकस कर रही है। इसके लिए अनुशासित तरीके से काम किया जा रहा है। गुरुवार को असाधारण आम बैठक (EGM) में वोडाफोन आइडिया के शेयरहोल्डर्स ने कंपनी में आदित्य बिड़ला ग्रुप की ओर से 4,730 करोड़ के निवेश को मंजूरी दे दी। यह निवेश वॉरंट के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी में आदित्य बिड़ला ग्रुप की हिस्सेदारी 9.6 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 13 प्रतिशत हो जाएगी।

ग्रुप और वोडाफोन पीएलसी की संयुक्त हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 28.5 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। फिलहाल वोडाफोन आइडिया में सरकार की हिस्सेदारी 49 प्रतिशत है। वॉरंट्स के पूरी तरह कन्वर्ट होने के बाद यह घटकर करीब 47 प्रतिशत रह जाएगी।

प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के तहत वोडाफोन आइडिया आदित्य बिड़ला ग्रुप की ही एक और एंटिटी सूर्यजा इनवेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड को 430 करोड़ से ज्यादा वॉरंट जारी करेगी। इन्हें 11 रुपये प्रति वॉरंट की कीमत पर जारी किया जाएगा। इन वॉरंट्स के जरिए प्रमोटर अगले 18 महीनों में वोडाफोन आइडिया में 4,730 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।

EGM में बिड़ला ने कहा कि यह ट्रांजेक्शन कंपनी के लंबे समय के भविष्य और सभी शेयरहोल्डर्स के हितों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने में आदित्य बिड़ला ग्रुप के भरोसे को फिर से पक्का करता है। जुटाई गई रकम का एक बड़ा हिस्सा नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होगा। करीब 1,730 करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) के लिए रखे गए हैं। वहीं, बाकी 3,000 करोड़ रुपये कर्ज कम करने में लगाए जाएंगे।

शेयर में तेजी से वोडाफोन आइडिया का मार्केट कैप बढ़कर 1.61 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। 3 महीनों में शेयर की कीमत 55 प्रतिशत और एक साल में 120 प्रतिशत बढ़ चुकी है। एक महीने में यह 25 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *