एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री कानपुर वाले नीलकंठ मिश्रा जी वर्ल्ड बैंक में ईडी बने
मुंबई- इकोनॉमिस्ट और मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट नीलकंठ मिश्रा को वर्ल्ड बैंक में भारत का नया एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी है। वे वॉशिंगटन स्थित वर्ल्ड बैंक के हेडक्वार्टर में 3 साल तक भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मिश्रा मौजूदा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर परमेश्वरन अय्यर की जगह लेंगे। जब तक नीलकंठ मिश्रा अपना पद नहीं संभाल लेते, तब तक अय्यर का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। यह बोर्ड वर्ल्ड बैंक के लोन ऑपरेशंस, डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स, फाइनेंशियल पॉलिसी और गवर्नेंस से जुड़े फैसलों की निगरानी करता है।
भारत के लिए इस पद को इकोनॉमिक डिप्लोमेसी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके जरिए ग्लोबल डेवलपमेंट फाइनेंसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट और इकोनॉमिक ग्रोथ जैसे मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में मदद मिलती है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में अपनी मजबूत आवाज और ग्लोबल डेवलपमेंट एजेंडे को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ मिश्रा पब्लिक पॉलिसी और सरकारी समितियों में भी काफी एक्टिव रहे हैं। वे प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के पार्ट-टाइम सदस्य हैं, जो आर्थिक और नीतिगत मामलों पर सीधे सरकार को सलाह देती है।
नीलकंठ मिश्रा की एजुकेशनल बैकग्राउंड काफी शानदार रही है। वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) कानपुर के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने यहां से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन पूरा किया है। साल 1997 में उन्हें आईआईटी कानपुर में ‘डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल’ से सम्मानित किया गया था। उन्होंने आईआईटी की प्रवेश परीक्षा (IIT-JEE) में देश भर में चौथी रैंक हासिल की थी।
उनकी इन उपलब्धियों को देखते हुए आईआईटी कानपुर ने साल 2020 में उन्हें ‘डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस अवार्ड’ (प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार) से भी नवाजा था। अर्थशास्त्री के रूप में अपनी बड़ी पहचान बनाने से पहले मिश्रा ने टेक्नोलॉजी और कॉर्पोरेट सेक्टर में भी लंबा काम किया है। उन्होंने आईटी कंपनी इंफोसिस में एक सीनियर टेक्निकल आर्किटेक्ट के रूप में काम किया था। इसके अलावा वे हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) का भी हिस्सा रह चुके हैं।

