पेट्रोल-डीजल इस महीने चौथी बार महंगा, अब 111 रुपये के पार पहुंची कीमत
मुंबई-तेल कंपनियों ने पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 और डीजल की कीमत ₹95.20 हो गई है। कई राज्यों में यह 111 रुपये के भी पार पहुंच गया है।
ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ जाएगा, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो जाएंगे।ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज की लागत बढ़ेगी। देश में सबसे ज्यादा पेट्रोल की खपत उत्तर प्रदेश में होती है। यहां वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 5157.8 हजार मीट्रिक टन पेट्रोल की खपत हुई। पेट्रोल की सबसे कम खपत लक्षद्वीप में हुई, यहां 1.1 हजार मीट्रिक टन पेट्रोल का इस्तेमाल हुआ।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि इस बढ़ोतरी के बाद सरकारी तेल कंपनियों का घाटा कम हो गया है। अब यह घाटा घटकर करीब 600 करोड़ रुपए प्रति दिन रह गया है। 15 मई से शुरू हुए कीमतों में बदलाव से पहले पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) बेचने पर कंपनियों को रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा था।
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे, जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।
क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं।

