टाटा पावर को चौथी तिमाही में 996 करोड़ रुपये का हुआ मुनाफा, डिविडेंड देगी
मुंबई- टाटा ग्रुप की टाटा पावर का चौथी तिमाही में प्रदर्शन दबाव में रहा है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4.5 फीसदी गिरकर 996 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1043 करोड़ रुपये था।
थर्मल पावर जेनरेशन बिजनेस से कमाई में तेज गिरावट का असर कंपनी के नतीजों पर देखने को मिला। हालांकि ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से कंपनी को स्थिर सपोर्ट मिलता रहा। मार्च तिमाही में Tata Power की ऑपरेशनल इनकम 12.8 फीसदी घटकर 14,900 करोड़ रुपये रह गई। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी की आय 17,096 करोड़ रुपये थी।
टाटा पावर की चौथी तिमाही कमजोर रही, लेकिन पूरे FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 5118 करोड़ रुपये पहुंच गया। FY25 में यह 4775 करोड़ रुपये था। वहीं पूरे साल की ऑपरेशनल इनकम घटकर 62,429 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष में 65,478 करोड़ रुपये थी।
टाटा पावर के बोर्ड ने FY26 के लिए 2.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 23 जून 2026 तय की गई है। हालांकि डिविडेंड को शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है। नतीजों से पहले मंगलवार को Tata Power का शेयर 3.28 फीसदी गिरकर 419 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि इस साल अब तक शेयर में करीब 10 फीसदी की तेजी आ चुकी है

