हर शेयर पर 75 रुपये का डिविडेंड देगी हीरो मोटो कॉर्प,1401 करोड़ का हुआ मुनाफा
मुंबई– देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी Hero MotoCorp का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 29.6 प्रतिशत बढ़कर 1401 करोड़ रुपये हो गया, जो बाजार के अनुमान से थोड़ा ज्यादा है। वहीं रेवेन्यू 28.8 प्रतिशत बढ़कर 12,797 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी ने खर्च को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया और ज्यादा कमाई की।
कंपनी का रिजल्ट बाजार के अनुमान से बेहतर रहा। हीरो मोटोकॉर्प की ग्रोथ का सबसे बड़ा कारण मजबूत बिक्री (वॉल्यूम ग्रोथ) और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स रहा, यानी कंपनी ने ज्यादा वैल्यू वाले प्रोडक्ट बेचे। इस तिमाही में Hero MotoCorp ने 17.14 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 24 प्रतिशत ज्यादा है। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी की कुल बिक्री 64.69 लाख यूनिट रही, जिसमें 10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
मैनेजमेंट के मुताबिक हीरो मोटोकॉर्प के सभी बड़े सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। इसमें 100-125cc मोटरसाइकिल, स्कूटर और प्रीमियम बाइक शामिल हैं। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड VIDA ने खास तौर पर शानदार प्रदर्शन किया, जहां सालाना आधार पर 190 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज हुई। इसमें नए प्रोडक्ट लॉन्च का बड़ा रोल रहा।
हीरो मोटोकॉर्प का इंटरनेशनल बिजनेस भी तेजी से बढ़ा है। इसमें 40 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज हुई और कंपनी ने यूरोप और यूनाइटेड किंगडम जैसे नए बाजारों में एंट्री ली। अब Hero MotoCorp की मौजूदगी 52 देशों में हो गई है। हीरो मोटोकॉर्प के बोर्ड ने 75 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है, जिसे शेयरधारकों की मंजूरी मिलनी बाकी है। इसके अलावा पवन मुंजाल को अक्टूबर 2026 से अगले पांच साल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाने को मंजूरी दी गई है।

