15,660 करोड़ में बिकी राजस्थान रायल, मित्तल फैमिली ने पूनावाला के साथ खरीदी

मुंबई- IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को दुनिया के नंबर वन स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल ने खरीद लिया है। सीरम इंस्टीट्यूट के मालिक अदार पूनावाला भी इसमें पार्टनर हैं। इस डील की अनुमानित एंटरप्राइज वैल्यू 15,660 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह IPL इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी डील है।

डील पूरी होने के बाद मित्तल परिवार के पास राजस्थान रॉयल्स की लगभग 75% हिस्सेदारी होगी। अदार पूनावाला करीब 18% हिस्सेदारी के साथ साझेदार बने रहेंगे। बाकी 7% हिस्सेदारी मनोज बडाले और अन्य मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी।

पहले भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को 15,289 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी। बाद में यह सौदा नहीं हो सका। राजस्थान रॉयल्स अब केवल आईपीएल टीम तक सीमित नहीं रही है, बल्कि एक ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन चुकी है। इस सौदे में केवल IPL टीम ही नहीं, राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक वाली दक्षिण अफ्रीका की ‘पार्ल रॉयल्स’ और कैरेबियन लीग की ‘बारबाडोस रॉयल्स’ भी शामिल हैं।

हालांकि यह डील अभी नियामक मंजूरियों पर निर्भर है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), IPL गवर्निंग काउंसिल और अन्य संबंधित संस्थाओं की स्वीकृति के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। अनुमान है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह सौदा सितंबर 2026 तक पूरा हो सकता है।

मित्तल परिवार का राजस्थान से गहरा जुड़ाव भी इस डील को खास बनाता है, क्योंकि लक्ष्मी मित्तल का जन्म चूरू जिले के एक छोटे से गांव में हुआ था। इसके बाद उनका परिवार कोलकाता चला गया था। लक्ष्मी मित्तल ने कहा- क्रिकेट के प्रति लगाव बचपन से रहा है और राजस्थान रॉयल्स से जुड़ना गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *