मई में 17% तक महंगी हो सकती है सिगरेट, कंपनियां कर सकती हैं आगे फैसला
मुंबई- अगले महीने से सिगरेट पीना महंगा हो सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख सिगरेट कंपनियां ITC और गॉडफ्रे फिलिप्स मई में कीमतों में 17% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। इस खबर के बाद कंपनियों के शेयरों में 6.5% तक की तेजी दर्ज की गई।
कीमतों में बदलाव केवल प्रीमियम प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनियां वैल्यू-एंड ब्रांड्स (सस्ते सिगरेट) के दामों में भी इजाफा कर सकती हैं। उदाहरण के लिए ITC की गोल्डफ्लेक प्रीमियम के एक पैकेट की कीमत मई 2026 में ₹115 से बढ़कर ₹135 के करीब पहुंच सकती है।
29 अप्रैल को ITC का शेयर करीब 4% और गॉडफ्रे फिलिप्स का शेयर 7% की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी FMCG इंडेक्स में भी 2% की तेजी देखी गई, जिसमें ITC सबसे आगे रहा। इस साल की शुरुआत में संसद ने सेंट्रल एक्साइज (अमेंडमेंट) बिल, 2025 को मंजूरी दी थी। इसके तहत सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर ड्यूटी बढ़ा दी गई है।
1 फरवरी से प्रभावी इस नियम के अनुसार, सिगरेट की लंबाई के आधार पर ₹2,050 से ₹8,500 प्रति 1,000 स्टिक की एक्साइज ड्यूटी लगाई गई है। यह ड्यूटी 40% GST के अतिरिक्त है।

