बैंक ऑफ बड़ौदा को सितंबर तिमाही में 2,088 करोड़ का फायदा
मुंबई- सरकारी क्षेत्र के बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा को मौजूदा वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 2,088 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। एक साल पहले इसी समय की तुलना में यह 24 पर्सेंट ज्यादा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,679 करोड़ रुपये था।
दूसरी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 2 पर्सेंट बढ़कर 7,566 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 7,508 करोड़ रुपए थी। बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) भी दूसरी तिमाही में बढ़कर 2.85 पर्सेंट रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2.78 पर्सेंट था। बैंक का प्रोविजन कवरेज रेशियो सितंबर तिमाही में 83.43 पर्सेंट रहा।
तिमाही आधार पर बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ। ग्रॉस एडवांसेज के मुकाबले ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) जून तिमाही में 8.86 पर्सेंट से घटकर 8.1 पर्सेंट हो गया। सितंर तिमाही में बैंक का ग्रॉस NPA घटकर 59,504 करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 65,698 करोड़ रुपये था।
बैंक का नेट NPA घटकर 2.8 पर्सेंट पर आ गया, जो इसकी पिछली तिमाही यानी जून तिमाही में 3.03 पर्सेंट था। बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर NSE पर 4.65 पर्सेंट गिरकर 101.40 रुपये पर बंद हुए। बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर साल 2021 में अब तक करीब 57 पर्सेंट बढ़ा है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 114 पर्सेंट का रिटर्न दिया है।

