शेयर बाजार में भारी तेजी, सेंसेक्स 1200 अंक बढ़ कर 51,539 पर, मार्केट कैप 210 लाख करोड़, अडानी गैस 20 पर्सेंट बढ़ा
मुंबई– शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त है। BSE सेंसेक्स 1200 अंकों की बढ़त के साथ 51,539 पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने दिन के सबसे ऊंचे स्तर 51,482.25 को भी छुआ। इससे पहले इंडेक्स ने 25 फरवरी को 51 हजार के लेवल को पार किया था।
मार्केट कैप लिस्टेड कंपनियों का 210 लाख करोड़ रुपए हो गया है। अडानी गैस का शेयर 20 पर्सेंट ऊपर 689 रुपए पर पहुंच गया है। एसबीआई, इंडसइंड, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक के भी शेयर तेज बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
निवेशक सबसे ज्यादा बैंकिंग और मेटल सेक्टर में खरीदारी कर रहे हैं। नतीजतन, निफ्टी मेटल 3.43% और बैंकिंग इंडेक्स 2.72% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी इंडेक्स भी 330 अंकों की बढ़त के साथ 15,250.05 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में बजाज फिनसर्व का शेयर सबसे ज्यादा 5.61% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसी तरह बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी 4-4% से ज्यादा की बढ़त है, जबकि बजाज ऑटो और मारुति के शेयरों में 1-1% की गिरावट है।
शेयर बाजार में बढ़त की मुख्य वजह
तीसरी तिमाही में GDP ग्रोथ +0.4% रही, जबकि पिछले दो तिमाहियों से इसमें गिरावट दर्ज की जा रही थी। फरवरी में मजबूत GST कलेक्शन, पर्जेजिंग मैनेजर इंडेक्स (PMI) के आंकड़े भी सुधरे हैं। शेयर बाजार के प्रमुख शेयरों में अच्छी बढ़त है। बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, HDFC, SBI सहित TCS के शेयर शामिल हैं। सेक्टोरल बढ़त में मेटल सबसे आगे है। 2021 में BSE मेटल इंडेक्स 25% से ज्यादा चढ़ चुका है।
चीन, जापान, कोरिया सहित हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजारों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। नतीजतन, ज्यादातर इंडेक्स 2-2% की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इससे पहले यूरोप के शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे।BSE पर 3,136 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,829 शेयर बढ़त और 1,129 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसमें 331 शेयर एक साल के सबसे ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे हैं, जबकि 350 शेयरों में अपर सर्किट लगा है।

