एमटीएआर का आईपीओ खुला, इजी ट्रिप का आईपीओ 8 मार्च को खुलेगा, दोनों 1100 करोड़ जुटाएंगी
मुंबई– एमटीएआर टेक्नोलॉजीज का IPO आज से खुल गया है। कंपनी पब्लिक इश्यू के जरिए 560 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसका मुख्य कारोबार रक्षा हथियार निर्माण का है। इश्यू से जुटाए रकम का इस्तेमाल कर्ज भुगतान के लिए किया जाएगा। 2021 में लॉन्च होने वाला यह 9वां IPO है।
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) के मुताबिक कंपनी IPO में 21.48 लाख फ्रेश शेयर जारी करेगी, जबकि ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 82.24 करोड़ शेयर जारी होंगे। IPO का प्राइस बैंड 574-575 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। इश्यू 5 मार्च को बंद हो जाएगा। इसकी लिस्टिंग 16 मार्च को BSE और NSE पर होगी। हैदराबाद बेस्ड कंपनी एमटीएआर टेक्नोलॉजीज ने 15 एंकर निवेशकों से 179 करोड़ रुपए पहले ही जुटा लिए हैं। इसके लिए कंपनी ने 575 रुपए प्रति शेयर के प्राइस पर 31.11 लाख शेयर जारी किए।
टूर एंड ट्रैवेल्स सेक्टर की कंपनी ईजी ट्रिप प्लानर IPO लाने की तैयारी में है। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसमें प्रमोटर निशांत पिट्टी और रिकांत पिट्टी ऑफर फॉर सेल के जरिए 255 करोड़ रुपए तक के शेयर बेचेंगे। कंपनी की योजना 510 करोड़ रुपए जुटाने की है। इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग के लिए 186-187 रुपए प्रति शेयर प्राइस बैंड तय किया है। IPO 8 मार्च से 10 मार्च तक ओपन रहेगा। इसका लीड मैनेजर एक्सिस कैपिटल और जेएम फाइनेंशियल होंगे। IPO के तहत लॉट साइज 80 शेयरों का रखा गया है।
कंपनी ट्रैवल, प्रोडक्ट और सर्विस का टूर एंड ट्रैवल सोल्यूशन उपलब्ध कराती है, जिसमें एयरलाइंस टिकट, रेल टिकट , बस टिकट, टैक्सी सेवाएं, एन्सेलरी वैल्यू एडेड सेवाएं जैसे ट्रैवल बीमा, वीजा प्रोसेसिंग और अन्य एक्टिविटी के लिए टिकट उपलब्ध करवाना शामिल है। मार्च 2020 तक कंपनी के साथ देश के लगभग सभी बड़े शहरों के 55,981 ट्रैवल एजेंट रजिस्टर्ड थे।
स्पेशियाल्टी केमिकल कंपनी अनुपम रसायन का IPO भी जल्द आने वाला है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने कंपनी के आवेदन को मंजूरी दे दी है। कंपनी की योजना IPO के जरिए 760 करोड़ रुपए जुटाने की है। पिछले साल दिसंबर में कंपनी ने IPO के लिए आवेदन भरा था। कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 76.8% और 23.2% पब्लिक की है।

