नए निवेशक फिर जोखिम वाले शेयरों में दांव लगाने में जुटे
मुंबई– लॉकडाउन में जिस तरह से नए निवेशक बाजार में सस्ते और जोखिम वाले शेयरों में दांव लगा रहे थे, एक बार फिर वही रुझान दिख रहा है। इस बार बाजार की ऐतिहासिक ऊंचाई में इन नए निवेशकों को कमाई दिख रही है। यही कारण है कि जोखिम वाले शेयरों में जमकर खरीदी हो रही है।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन में इन शेयरों में अच्छा उछाल दिखा है। दिवालिया हो चुकी अनिल अंबानी की कंपनियों के शेयरों में आज जमकर तेजी दिखी है। कारण यह है कि अगले हफ्ते इन कंपनियों को लेकर कोर्ट का फैसला आना है। इन कंपनियों को एनसीएलटी से खरीदने की उम्मीद है।
अनिल अंबानी की रिलायंस होम फाइनेंस का शेयर आज 3.76% बढ़ा है। एक हफ्ते में यह शेयर 2.25 रुपए से बढ़कर 2.82 रुपए पर पहुंच गया है। इसकी प्रमोटर कंपनी रिलायंस कैपिटल का शेयर भी इसी तरह से बढ़ा है। आज यह 4.97% के अपर सर्किट तक पहुंचा है। एक हफ्ते में यह शेयर 10.45 रुपए से बढ़कर 12.68 रुपए पर पहुंच गया है।
बुरे दौर से गुजर रही वक्रांगी का शेयर कभी 500 रुपए के ऊपर हुआ करता था। आज यह 50 रुपए के नीचे है। आज यह हालांकि 9.30% बढ़ गया। एक हफ्ते में यह शेयर 39.80 से बढ़कर 47.90 रुपए पर पहुंच गया है। यानी 15% से ज्यादा यह बढ़ा है। इसी तरह DHFL का भी हाल है। इसका शेयर आज 4.91% के अपर सर्किट पर बढ़त के साथ है। एक हफ्ते में 33 से 41.70 रुपए पर पहुंच गया है। यह सभी शेयर पिछले एक महीने में 50% से ज्यादा की बढ़त हासिल कर चुके हैं।
जेट एयरवेज जमीन पर है। फिर भी उम्मीदों का दौर चालू है। उम्मीद है कि अगले साल गर्मी में यह चालू हो सकती है। इसी बल पर इसका शेयर रोज अपर सर्किट छू रहा है। आज भी यह शेयर 4.9% की बढ़त के साथ अपर सर्किट पर है। एक हफ्ते में यह शेयर 68 से 87 रुपए पर पहुंच गया है। यानी 25% से ज्यादा बढ़ गया है।
विश्लेषक कहते हैं कि इन शेयरों में दांव तभी लगा सकते हैं जब आपकी जोखिम लेने की क्षमता हो। यह डूब भी सकते हैं और मालामाल भी कर सकते हैं। यह सब कुछ भविष्य पर इनकी गतिविधियों पर निर्भर है। मार्च के निचले स्तर से लेकर अब तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का इंडेक्स 77% बढ़ चुका है। हालांकि छोटे और मिड कैप शेयरों ने अब रफ्तार पकड़ी है। बता दें कि लॉकडाउन में जब कुछ शेयर खूब पिटे थे, तब नए निवेशकों ने ऐसे ही सस्ते शेयरों में खरीदारी की थी। नए निवेशकों ने 10 रुपए से कम मूल्य वाले शेयरों में खूब पैसा लगाया और कमाया भी। क्योंकि मार्च के बाद से लगतार बाजार ऊपर रहा है। लॉकडाउन में ब्रोकरेज हाउसों के पास 35 लाख से ज्यादा डिमैट खाते खुले हैँ। इसमें से ज्यादातर नए निवेशक रहे हैं जो घरों में बंद होने से शेयर बाजार में निवेश किए हैं।

