बाजार दूसरे दिन भी बढ़ा, सेंसेक्स दो दिनों में 3,511 अंक बढ़ कर बंद हुआ
मुंबई– शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ है। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 3,511 अंक चढ़ा है। मंगलवार को सेंसेक्स 1,197.11 अंकों की बढ़त के साथ 49,797.72 पर बंद हुआ है। सोमवार को इंडेक्स 2,314 अंक ऊपर बंद हुआ था। 2 फरवरी को कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने एक बार फिर 50,154.48 को छुआ। हालांकि, इंडेक्स ने 21 जनवरी 2021 को पहली बार 50 हजार को पार किया था। बाजार की तेजी में ऑटो और बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी इंडेक्स भी 366 अंक ऊपर 14,647.85 पर बंद हुआ है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 3,114 में कारोबार हुआ। 1,761 शेयर बढ़त और 1,179 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी करीब 4 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 196.68 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 192.62 लाख करोड़ रुपए था। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4% और बैंक इंडेक्स 3.56% ऊपर बंद हुए हैं। सोमवार को पॉजिटिव बजट के चलते सेंसेक्स 5% ऊपर 48,600.61 पर और निफ्टी 4.74% ऊपर 14,281.20 बंद हुआ था।
दो दिन से बाजार की बढ़त को बैंकिंग शेयरों का सपोर्ट मिल रहा है। इस दौरान निफ्टी बैंक इंडेक्स 10% से ऊपर चढ़ चुका है। इसमें प्रमुख रूप से ICICI बैंक, HDFC बैंक, कोटक बैंक, SBI और इंडसइंड बैंक के शेयर शामिल हैं। इंडेक्स ने मंगलवार को 34,652.50 के स्तर को छुआ, जो ऑलटाइम हाई है। सोमवार को बजट में सरकार ने बुरे फंसे कर्ज (NPA) से निपटने के लिए बैड बैंक की घोषणा की है। इसके तहत सभी NPA एक जगह लाए जाएंगे। क्योंकि इससे NPA रिजॉल्यूशन में आसानी होगी।
बजट में IDBI और जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अलावा दो सरकारी बैंकों को प्राइवेट करने का प्रस्ताव पेश किया गया। हालांकि, इस पर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। सरकारी बैंकों के कैपिटलाइजेशन में मदद के लिए वित्त वर्ष 2021-22 में 200 अरब रुपए का रीकैपिटलाइजेशन का ऐलान किया गया। इससे सरकारी बैंकों के शेयरों में तेजी है।
बैंकिंग सेक्टर के चुनिंदा शेयरों पर ब्रोकरेज कंपनियां खरीदारी की सलाह दे रही हैं। इसमें मोतीलाल ओसवाल, जेएम फाइनेंशियल और ICICI डॉयरेक्ट शामिल हैं, जिन्होंने SBI, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और HDFC बैंक पर खरीदारी की सलाह दी है। सरकार ने बजट 2021-22 में पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने के लिए ‘स्क्रैप पॉलिसी’ लाने की घोषणा की है। इसके चलते ऑटो शेयरों में लगातार बढ़ रहे हैं। ऑटो सेक्टर में टाटा मोटर्स का शेयर सबसे ज्यादा 17% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा अशोक लेलैंड में 9% और TVS मोटर के शेयरों में भी 8% की बढ़त रही।
बजट के चलते शेयर बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट बना हुआ है। इसी कारण 2021 की दूसरी लिस्टिंग शानदार रही। इंडिगो पेंट्स का शेयर BSE पर 2,607.50 रुपए पर लिस्ट हुआ है। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर भी शेयर 75% के प्रीमियम पर 2,607.50 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ है। इसका इश्यू प्राइस 1,490 रुपए था। यानी निवेशकों को प्रति शेयर 1,117 रुपए का फायदा हुआ। BSE में कंपनी का शेयर 20% ऊपर 3118.65 के भाव पर बंद हुआ है।
बाजार में बढ़त की प्रमुख वजह-2021-22 बजट : ज्यादातर मार्केट एनलिस्ट मान रहे हैं कि ओवरऑल बजट बाजार के लिए पॉजिटिव है। क्योंकि, इसमें नया टैक्स नहीं लगाया है। साथ ही कोरोना सेस की बात भी नहीं हुई, जिससे बाजार लगातार 6 कारोबारी दिन से फिसल रहा था।वैश्विक बाजारों में बढ़त : घरेलू बाजार को वैश्विक बाजारों में बढ़त का भी सपोर्ट मिला। इसमें चीन, जापान, कोरिया सहित यूरोपियन और अमेरिकी शेयर बाजार शामिल है। इसके अलावा अमेरिका में नए कोरोना राहत पैकेज के पॉजिटिव अपडेट से भी असर पड़ा है।

