9 दिन में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में खरीदे 84,290 करोड़ के शेयर

मुंबई- विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में जबरदस्त निवेश किया है। पिछले 9 कारोबारी सत्रों में इन निवेशकों ने 84,290 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इस खरीदारी से बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 25,000 के स्तर के ऊपर निकल गया है। ग्लोबल स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बिकवाली और कच्चे तेल के दाम घटने से विदेशी निवेशकों का रुख बदला है।

लगातार दो महीने की बिकवाली के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPIs) फिर से भारतीय शेयर बाजार में खरीदार बन गए हैं। विदेशी निवेशकों ने 2 नवंबर से 13 नवंबर के बीच 9 ट्रेडिंग सेशंस में 84,290 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं।

विदेशी निवेशकों ने सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। अक्तूबर में इन्होंने 34,843 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। नवंबर की इस ताजा खरीदारी से साल 2026 में भारतीय इक्विटी से FPI की कुल निकासी घटकर लगभग 2.1 लाख करोड़ रुपए पर आ गई है। कुछ हफ्ते पहले तक यह आंकड़ा करीब 3 लाख करोड़ रुपए था।

इस खरीदी के पीछे प्रमुख रूप से एआई शेयरों में गिरावट, कच्चा तेल की कीमतों में 13 पर्सेंट की गिरावट और कंपनियों की बेहतर कमाई है। विदेशी पूंजी लौटने से निफ्टी 25,000 के पार पहुंच गया है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, कई दिग्गज सेक्टर्स में खरीदारी से बाजार में यह रिकवरी आई है।

फाइनेंशियल सर्विसेज, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटोमोबाइल शेयरों में सबसे ज्यादा विदेशी निवेश आया है। मजबूत तिमाही नतीजों के दम पर कुछ पावर कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखी गई है। फ्रंटलाइन लार्ज-कैप शेयरों, खासकर चुनिंदा प्रमुख बैंकिंग शेयरों में हुई शॉर्ट-कवरिंग ने भी इंडेक्स को तेजी से ऊपर उठाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *