इस महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में लगाए 54,000 करोड़
मुंबई- विदेशी निवेशकों ने इस महीने के पहले नौ दिनों में भारतीय शेयरों में 53,739 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। इससे पहले विदेशी निवेशकों ने सितंबर और अक्तूबर में भारतीय बाजार में बिकवाली की थी।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। नवंबर में विदेशी निवेशकों के रुख में आए इस बदलाव के पीछे ग्लोबल बाजारों में AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का बड़ा हाथ है। इधर, भारत में कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ बढ़ने से भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
विश्लेषकों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों के रुख में अचानक आए बदलाव की वजह अमेरिका और दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा जापान जैसे AI से जुड़े बाजारों में आई गिरावट है। अमेरिका में डेटा सेंटर पर होने वाले खर्च को लेकर आशंकाओं ने AI शेयरों में बिकवाली को बढ़ावा दिया है।अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में जीत हासिल करने वाले डेमोक्रेट्स डेटा सेंटर पर बिना किसी नियंत्रण के होने वाले खर्च के खिलाफ हैं। वे AI के लिए नियामकीय सुरक्षा उपायों और जवाबदेही की मांग कर सकते हैं। AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में इस बिकवाली का फायदा भारतीय बाजार को मिला है।
2026 में विदेशी निवेशकों ने 2.41 लाख करोड़ की शुद्ध बिकवाली की है 2026 में अब तक भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की कुल शुद्ध बिकवाली 2.41 लाख करोड़ रुपये की रही है। नवंबर में हुई खरीदारी के बावजूद इस साल का कुल निवेश अभी भी निगेटिव बना हुआ है। नवंबर के शुरुआती कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने खासतौर पर इंडेक्स में ज्यादा वेटेज रखने वाले सेक्टरों में खरीदारी की। इनमें फाइनेंशियल सर्विसेज, IT, ऑटोमोबाइल और टेलीकॉम प्रमुख रहे।

