किशोर बियानी पर 904 करोड़ के बैंक फ्रॉड का आरोप, फ्यूचर रिटेल के ठिकानों पर छापा
मुंबई- फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के प्रमोटर किशोर बियानी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 904.32 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड मामले में किशोर बियानी, उनके भाई राकेश बियानी और फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज की है। CBI ने शुक्रवार को मुंबई में किशोर बियानी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी भी की।
CBI ने इस मामले में धोखाधड़ी के लिए आपराधिक साजिश रचने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। SBI की मुंबई स्थित स्ट्रेस्ड एसेट्स मैनेजमेंट ब्रांच-3 ने फ्यूचर रिटेल और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बैंक का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों ने आपसी मिलीभगत से SBI और नौ बैंकों के समूह से कर्ज की सुविधाएं हासिल की थीं।
जांच एजेंसी का कहना है कि कंपनी ने बैंक से मिले पैसे का इस्तेमाल उन कामों के लिए नहीं किया, जिनके लिए कर्ज मंजूर हुआ था। आरोप है कि इस रकम को सहयोगी कंपनियों और संबंधित संस्थाओं के जरिये दूसरी जगह भेज दिया गया। इससे SBI को कथित तौर पर 904.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
CBI ने इस मामले में 4 नवंबर को FIR दर्ज की थी। इसके बाद शुक्रवार को मुंबई में कई ठिकानों पर तलाशी ली गई। एजेंसी के प्रवक्ता के मुताबिक, छापेमारी के दौरान जांच से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
फ्यूचर रिटेल देश के रिटेल कारोबार में एक बड़ा नाम रह चुकी है। कंपनी बिग बाजार, फैशन@बिग बाजार और फूडहॉल जैसे बड़े स्टोर चलाती थी। इन स्टोर के जरिये रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान, एफएमसीजी उत्पाद, कपड़े और फैशन से जुड़ी दूसरी चीजें बेची जाती थीं।

