एक करोड़ आवेदन पार करने वाला जियो दुनिया का पहला आईपीओ, 21 गुना बोली
मुंबई- देश का सबसे बड़ा IPO जियो प्लेटफॉर्म्स ने धमाल मचा दिया है। इसे कुल एक करोड़ से ज्यादा आवेदन मिला है। पहले यह रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के नाम था, जिसके IPO को लगभग 97 लाख आवेदन मिले थे। यह दुनिया में अब तक का रिकॉर्ड है। ये IPO 21 गुना भरा है। संस्थागत निवेशकों का कोटा 67 गुना और रिटेल पोर्शन 2.7 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
IPO पहले दिन 3.02 गुना भर गया था। 19.75 करोड़ शेयरों के बदले 59.68 करोड़ शेयरों की मांग आई थी। दूसरे दिन की शुरुआत में संस्थागत निवेशकों की भारी बिडिंग की वजह से यह आंकड़ा 3.50 गुना के पार पहुंच गया।
लिस्ट होने के पहले कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में 23% यानी ₹258 प्रति शेयर के प्रीमियम पर पहुंच गया है। ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP के हिसाब से देखें तो अपर प्राइस बैंड ₹1,119 के लिहाज से इसकी लिस्टिंग 1377 पर हो सकती है।
जियो के एक शेयर की कीमत 1,065 से 1,119 रुपये रखी गई थी। आम निवेशक को शेयर खरीदने के लिए कम से कम ₹13,428 लगाने थे। जबकि अधिकतम 14 लॉट यानी 168 शेयर के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए ₹1.87 लाख रुपए लगेंगे।
30,213 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स को शेयर जारी करके ₹8,110 करोड़ का फंड जुटा लिया था। एंकर कोटा हटने के बाद प्राइमरी मार्केट में आम जनता और संस्थागत खरीदारों के लिए करीब ₹22,103 करोड़ का नेट इश्यू ही रखा गया है, जिस पर लगातार बोलियां लग रही हैं।

