इस स्मॉल कैप शेयर ने एक हफ्ते में एक लाख को बना दिया 1.85 लाख रुपये
मुंबई- एक स्मॉल कैप शेयर ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। पिछले कुछ दिन से यह शेयर 10-10 परसेंट का अपर सर्किट छू रहा है। एनएसई पर JHS स्वेंडगार्ड रिटेल में बुधवार को भी 10 फीसदी का अपर सर्किट लगा हुआ है। इसकी मौजूदा कीमत 31.76 रुपये है।
पिछले एक हफ्ते में यह शेयर 85 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। यानी एक लाख रुपये का निवेष एक हफ्ते में ही 1.85 लाख रुपये बन गया है। शेयर अपने 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर 36.54 रुपये के बहुत नजदीक पहुंच गया है। वित्त वर्ष 27 की जून तिमाही में कंपनी को मात्र 24 लाख रुपये का मुनाफा हुआ था। ऐसे में शेयरों में इतनी तेजी की वजह क्या है यह सवाल बाजार में चर्चा का विषय बन गया है।
कंपनी की ओर से एक्सचेंज को जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार, खुद वह भी नहीं जाते कि कीमतों में इस तेजी की वजह क्या है। एक्सचेंज को भेजी सफाई में JHS स्वेंडगार्ड रिटेल ने कहा, “हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि कंपनी से जुड़ी ऐसी कोई महत्वपूर्ण जानकारी, घटना या गतिविधि नहीं है, जिसकी सूचना शेयर बाजारों को न दी गई हो और जिसका असर कंपनी के शेयरों की कीमत या कारोबार की मात्रा पर पड़ सकता हो।
विश्लेषकों के मुताबिक, करीब 25 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण वाले किसी शेयर में लगातार ऊपरी सर्किट लगने के पीछे अक्सर दो वजहें होती हैं। पहली, बाजार में खरीद-बिक्री के लिए उपलब्ध शेयरों की कम संख्या। दूसरी, कंपनी को लेकर बनी कोई आकर्षक कहानी। JHS स्वेंडगार्ड रिटेल वेंचर्स में दोनों बातें मौजूद हैं।
कंपनी की वित्तीय स्थिति भरोसा बढ़ाने के बजाय चिंता पैदा करती है। शेयरधारकों की पूंजी पर रिटर्न नकारात्मक 0.97 फीसदी है। वहीं, पिछले 12 महीनों की कमाई के आधार पर शेयर का मूल्य-आय अनुपात 427 गुना है। इसकी वजह लगभग न के बराबर मुनाफा है, न कि कंपनी को बाजार में ऊंचा मूल्यांकन मिलना। ऐसे शेयर में पैसा लगाना इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितना जोखिम उठा सकते हैं।

