जीएमआर का शेयर जा सकता है 100 रुपये, जेफरीज ने 40 फीसदी उछलेगा शेयर

मुंबई- जीएमआर एयरपोर्ट के शेयरों में 40 प्रतिशत तक का फायदा मिल सकता है। इन्वेस्टमेंट बैंक जेफरीज का अनुमान है कि यह शेयर 135 रुपये तक जा सकता है। इसका भाव इस समय 100 रुपये से भी कम है।

जेफरीज ने ताजा रिपोर्ट में शेयर पर लंबी अवधि के नजरिये से खरीदारी की रेटिंग दी। साथ ही 40 फीसदी अपसाइड टारगेट भी दिया है, जो 135 रुपये का है। 21 सितंबर को BSE पर GMR एयरपोर्ट का शेयर 98.48 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।

जेफरीज के मुताबिक GMR एयरपोर्ट्स अब केवल हवाई अड्डों का संचालन करने वाली कंपनी नहीं रह गई है। कंपनी अपने कारोबार को तीन हिस्सों में बढ़ा रही है। इनमें हवाई अड्डे, यात्रियों से जुड़े उपभोक्ता कारोबार और रियल एस्टेट शामिल हैं। आने वाले सालों में नॉन-एविएशन बिजनेस और रियल एस्टेट कंपनी की बढ़त में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

कंपनी ने ड्यूटी फ्री शॉप और रिटेल बिक्री जैसे कारोबार को बाहरी कंपनियों को देने के बजाय अपने प्लेटफॉर्म के तहत चलाना शुरू किया है। इससे कंपनी को प्रत्येक यात्री से होने वाली कमाई बढ़ाने में मदद मिल सकती है। GMR एयरपोर्ट भविष्य में दूसरे हवाई अड्डों पर भी दुकान, खुदरा बिक्री और अन्य सेवाओं के ठेके हासिल कर सकती है।

GMR के हवाई अड्डों की मौजूदा क्षमता करीब 16 करोड़ यात्रियों की है। FY26 में कंपनी ने करीब 12.2 करोड़ यात्रियों को संभाला। कंपनी की लॉन्ग टर्म प्लानिंग में इस क्षमता को करीब 40 करोड़ यात्रियों तक ले जाने की गुंजाइश है। GMR के पास अपने हवाई अड्डों के आसपास 3,000 एकड़ से ज्यादा जमीन है। कंपनी अब इस जमीन को दूसरी कंपनियों को लीज पर देने के बजाय खुद विकसित करने पर जोर दे रही है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी की आय वित्त वर्ष 2025-26 के 14,807 करोड़ रुपये से बढ़कर 2028-29 तक 22,373 करोड़ रुपये हो सकती है। इसी दौरान मुनाफा 539 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,056 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *