प्याज के भाव और ज्यादा हुए, 63 रुपये पर पहुंचा, दिल्ली में 65 रुपये के पार

मुंबई- केंद्र सरकार के बफर स्टॉक से सस्ती दर पर प्याज बेचने के बावजूद कीमतें नहीं घटी है। पूरे देश में प्याज का औसत खुदरा भाव ₹48.5 प्रति किलो से बढ़कर ₹50.79 प्रति किलो पहुंच गया है।

उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना के पहले 10 दिनों में लगभग 4,000 टन बफर प्याज की बिक्री की जा चुकी है। इसके बावजूद महानगरों में प्याज के दाम ऊंचे बने हुए हैं। 5 सितंबर को देश के प्रमुख शहरों में प्याज की कीमतों में बड़ा अंतर देखा गया। दिल्ली में प्याज ₹65 प्रति किलो, मुंबई में ₹53 प्रति किलो, चेन्नई में ₹63 प्रति किलो और रांची में ₹40 प्रति किलो के भाव पर बिका। वहीं, देश भर में प्याज का औसत थोक भाव ₹42.79 प्रति किलो दर्ज किया गया।

सरकार साल 2026 के लिए बनाए गए अपने 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक में से प्याज जारी कर रही है। यह काम नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन (NCCF) और नैफेड (NAFED) के जरिए हो रहा है।

NCCF के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिस जोसेफ चंद्रा ने कहा कि उनकी एजेंसी ने अब तक अलग-अलग शहरों में 1,500 टन बफर प्याज बेच दिया है। उनका फोकस रिटेल स्तर पर ₹35 प्रति किलो के भाव पर सीधे उपभोक्ताओं तक प्याज पहुंचाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *