650 करोड़ जुटाने उतरी टेंपसेंस इश्यू 184 गुना भरा, 85,000 करोड़ के आवेदन मिले

मुंबई- टेंपसेंस इंस्ट्रूमेंट के आईपीओ को निवेशकों ने हाथों हाथ लिया है। सोमवार को अंतिम दिन यह आईपीओ 184 गुना भरा। 650 करोड़ रुपये जुटाने उतरी इस कंपनी ने एंकर निवेशकों से 194 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस आधार पर 184 गुना भरने पर इसे कुल 85000 करोड़ रुपये से ज्यादा के आवेदन मिले हैं।

कंपनी का इश्यू 20 अगस्त को खुला था। इसमें 95 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू था। 555 करोड़ रुपये का ऑफर फार सेल था। इसका मूल्य 285 से 300 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। इस शेयर का भाव ग्रे मार्केट में 300 रुपये है। यानी इसकी लिस्टिंग 600 रुपये के ऊपर हो सकती है। इसका मतलब कि 5 दिन में ही निवेशकों के पैसे दोगुने हो जाएंगे।

इस आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट मंगलवार को होगा। रिफंड 27 अगस्त को होगा। शेयरों को लिस्टिंग 28 अगस्त को हो सकती है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय 455 करोड़ रुपये रही जो उसके पहले के साल में 382 करोड़ रुपये थी। शुद्ध फायदा 71 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी ने आईपीओ के दौरान 1,51,81,667 शेयर जारी किए थे। इसके एवज में इसे 279.44 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन मिला था। इस आईपीओ में खुदरा निवेशकों का हिस्सा 60 गुना भरा जबकि गैर संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 314 गुना भरा है। क्यूआईबी का हिस्सा 302 गुना भरा है। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्से को 125 गुना रिस्पांस मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *