समय पर विमान उड़ाने में स्पाइसजेट फिसड्डी, 34 फीसदी विमान सही समय पर
मुंबई- जुलाई में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 5% घट गई है। इस दौरान कुल 1.20 करोड़ घरेलू यात्रियों ने विमान से यात्रा की। इंडिगो की सबसे अधिक 67.4% बाजार हिस्सेदारी रही। कंपनी ने 80.82 लाख यात्रियों को सफर कराया।
एयर इंडिया ग्रुप 24% बाजार हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर रहा। ग्रुप ने जुलाई में 28.75 लाख यात्रियों को सफर कराया। अकासा एयर 5.5% हिस्सेदारी के साथ तीसरे नंबर पर रही। एयरलाइन ने इस दौरान 6.65 लाख यात्रियों को सफर कराया। स्पाइसजेट बाजार हिस्सेदारी में सबे पीछे हैं। उसकी हिस्सेदारी 1.6% रही। एयरलाइन ने जुलाई में 1.87 लाख यात्रियों को सफर कराया।
इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सबसे ज्यादा 91.2% रहा। अकासा एयर 90.8% ऑन-टाइम परफॉर्मेंस के साथ इंडिगो के बाद रही। एयर इंडिया का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 86.5% दर्ज किया गया। स्पाइसजेट का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 34.5% रहा।
जुलाई का महीना भारतीय एविएशन और टूरिज्म सेक्टर के लिए ‘लीन सीजन’ माना जाता है। छुट्टियों का सीजन जून में खत्म हो जाता है और स्कूल/कॉलेज खुल जाते हैं, जिससे फैमिली ट्रैवल बहुत कम हो जाता है। जुलाई में बारिश और खराब विजिबिलिटी के कारण उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित होते हैं। इससे कई यात्री गैर-जरूरी यात्रा टाल देते हैं।

