बिहारी लाल के शेयरों का धमाल, पांच दिन में निवेशकों को मिला 63 फीसदी फायदा
मुंबई- इंटीग्रेटेड आयरन और स्टील मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बिहारी लाल इंजीनियरिंग के शेयरों ने धमाल मचा दिया है। आईपीओ के तहत ₹285 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। बीएसई पर यह शेयर बुधवार को 458 रुपये पर लिस्ट हुआ। यानी 63% तक का फायदा मिला है। लिस्टिंग के बाद उछलकर यह 482 रुपये पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक 69.25% मुनाफे में हैं।
बिहारी लाल इंजीनियरिंग का ₹302 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 12-14 अगस्त तक खुला था। यह आईपीओ 118 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 222.04 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 167.95 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 54.12 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹93 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 73,20,001 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹19.59 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 1 और ₹36.65 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 2 के लिए नए इक्विपमेंट/मशीनरी की खरीदारी और इंस्टॉलेशन और सिविल वर्क्स तो ₹3.40-₹3.40 करोड़ मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 1 और फैसिलिटी 2 के लिए नए रूफ-टॉप सोलर पैनल्स की खरीदारी और इंस्टॉलेशन, ₹57 लाख कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
इसका कारोबार देश-विदेश में फैला हुआ है। 31 मई, 2026 तक, कंपनी की ऑर्डर बुक ₹178.57 करोड़ की थी। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 34% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹64.64 करोड़ और टोटल इनकम 10% से अधिक के सीएजीआर से ₹546.52 करोड़ पर पहुंच गया।

