एसआईएफ में जमकर पैसा लगा रहे निवेशक, कुल एयूएम 23,177 करोड़ के पार

मुंबई- स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (SIF) में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। जुलाई में इस सेगमेंट के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। 31 जुलाई 2026 तक SIFs के तहत मैनेज की जाने वाली संपत्ति मासिक आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 23,177 करोड़ रुपये हो गई।

इसमें हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट स्ट्रैटेजीज में भारी निवेश का बड़ा योगदान रहा। SIFs में निवेशकों का आधार भी तेजी से बढ़ रहा है। जुलाई के अंत तक 94,447 फोलियो थे। औसत फोलियो आकार जून के 23.8 लाख रुपये से बढ़कर जुलाई में 24.5 लाख रुपये हो गया।

SIF सेगमेंट में हाइब्रिड स्ट्रैटेजी का दबदबा जुलाई में भी बना रहा। कुल SIF AUM में इनकी हिस्सेदारी 71 फीसदी रही। इस कैटेगरी का AUM 16,524 करोड़ रुपये था, जो जून में 12,822 करोड़ रुपये था। हालांकि, कुल AUM में इसकी हिस्सेदारी जून के 72 फीसदी से घटकर 71 फीसदी हो गई। हाइब्रिड स्ट्रैटेजी में औसत फोलियो जून के 32.7 लाख रुपये से बढ़कर जुलाई में 34.1 लाख रुपये हो गया।

हाइब्रिड स्ट्रैटेजीज में, हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड्स सबसे बड़ा सेगमेंट बने रहे, जिनका कुल SIF AUM में 66 फीसदी हिस्सा था और इनकी वैल्यू 15,374 करोड़ रुपये थी। जून में इस कैटेगरी का AUM 11,910 करोड़ रुपये था, जो कुल SIF एसेट्स का 67 फीसदी था। जुलाई में इसका औसत फोलियो साइज 36.9 लाख रुपये था।

SIF के कुल AUM में इक्विटी-ओरिएंटेड इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजीज की हिस्सेदारी 29 फीसदी रही। जुलाई में इस सेगमेंट का AUM 6,654 करोड़ रुपये था, जो जून में 5,036 करोड़ रुपये था। इस कैटेगरी में औसत फोलियो साइज भी बढ़ा है। यह जून के 14.1 लाख रुपये से बढ़कर जुलाई में 14.4 लाख रुपये हो गया।

SIFs में भी जुलाई के दौरान निवेश में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। जुलाई में नेट इनफ्लो 4,922 करोड़ रुपये रहा, जो जून के 3,782 करोड़ रुपये से 30 फीसदी ज्यादा है। अक्टूबर 2024 से अब तक SIFs में कुल निवेश 22,328 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड्स में जुलाई में 3,258 करोड़ रुपये का निवेश आया। यह जून के 2,043 करोड़ रुपये के मुकाबले 59 फीसदी ज्यादा है। अक्टूबर 2024 से अब तक इस स्ट्रैटेजी में कुल 14,827 करोड़ रुपये का निवेश आया है। यह SIFs में आए कुल निवेश का 66 फीसदी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *