मारुति सुजुकी का शुद्ध मुनाफा 11 प्रतिशत घटकर 3,352 करोड़ रुपये पर आया
मुंबई- मारुति सुजुकी का शुद्ध फायदा जून तिमाही में 11 फीसदी घटकर 3,352 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, रेवेन्यू 36 फीसदी बढ़कर 52,456 करोड़ रुपये रहा। प्रॉफिट में कमी की वजह खर्च में 40.5 फीसदी उछाल है। इनपुट कॉस्ट बढ़ने से जून तिमाही में कंपनी के खर्च बढ़कर 48,988 करोड़ रुपये हो गए। इस साल कंपनी के शेयरों में 15 पर्सेंट की गिरावट देखी गई है।
GST में कमी के बाद व्हीकल्स की बिक्री बढ़ी है। लेकिन, रॉ मैटेरियल की कीमतों में उछाल से कंपनी के प्रॉफिट पर सेल्स बढ़ने का असर नहीं पड़ा। हालांकि, जून तिमाही में कंपनी ने कीमतें बढ़ाई। लेकिन, मध्यपूर्व में चल रही लड़ाई की वजह से स्टील और दूसरे कमोडिटीज की कीमतों में उछाल आया। इससे कंपनी के मार्जिन पर दबाव रहा।
जून तिमाही में कंपनी का सेल्स वॉल्यूम साल दर साल आधार पर 29.3 फीसदी बढ़ा। घरेलू बाजार में कारों की बिक्री 34.1 फीसदी बढ़ी, एसयूवी की बिक्री 44.6 फीसदी बढ़ी और एक्सपोर्ट्स 28.6 फीसदी बढ़ा। घरेलू बाजार में मारुति की बाजार हिस्सेदारी 2.3 फीसदी बढ़कर 41.2 फीसदी हो गई।
कंपनी की सेल्स में इजाफा में सोनीपत के खारखौदा में कंपनी के दूसरे प्लांट में उत्पादन शुरू होने का हाथ है। कंपनी ने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी की नेट सेल्स 36 फीसदी बढ़कर 49,959 करोड़ रुपये हो गई। जून तिमाही की शुरुआत से ही रॉ मैटेरियल की कीमतें बढ़नी शुरू हुई थी।

