मारुति की कारें अगस्त से 30,000 तक महंगी, 2 महीने में दूसरी बार बढ़ा भाव

मुंबई- मारुति सुजुकी ने सभी मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी का ऐलान किया है। नई कीमतें अगस्त 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने 21 जुलाई को शेयर बाजारों को दी जानकारी में कहा, अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग दाम बढ़ाए जाएंगे।

कंपनी ने बताया कि लगातार बढ़ रही लागत बढ़ने की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है। पिछले कुछ महीनों में कंपनी ने अपने स्तर पर लागत घटाने की कोशिश की, ताकि ग्राहकों पर सीधा असर न पड़े। हालांकि, महंगाई दर ऊंची रहने और कारोबारी माहौल अनुकूल न होने की वजह से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना मजबूरी हो गया है।

इस साल मारुति सुजुकी की तरफ से यह दूसरी बढ़ोत्तरी है। इससे पहले जून में भी सभी मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपए तक का इजाफा किया था। उस समय भी कंपनी ने इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी और महंगाई के दबाव को ही मुख्य वजह बताया था।

मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में एंट्री-लेवल हैचबैक से लेकर प्रीमियम सेगमेंट की गाड़ियां बेचती है। इनमें एंट्री-लेवल मॉडल S-Presso से लेकर प्रीमियम MPV इनविक्टो शामिल हैं। फिलहाल कंपनी के पोर्टफोलियो की एक्स-शोरूम कीमतें ₹3.50 लाख से शुरू होकर ₹25 लाख तक जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *