चांदी एक दिन में 4180 रुपये सस्ती होकर 2.57 लाख पर, सोना 1848 रुपये टूटा
मुंबई- सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। एक किलो चांदी 4,180 रुपए घटकर 2.57 लाख रुपए पर आ गई है। गुरुवार को 2.61 लाख रुपए पर थी। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,848 रुपए घटकर 1.54 लाख रुपए आ गया है। इससे पहले 4 जून को यह 1.56 लाख पर था।
सोना ऑल टाइम हाई से 127 दिन में 21,883 रुपए और चांदी 1.29 लाख रुपए सस्ती हुई है। 29 जनवरी को सोना ₹1.76 लाख/10 ग्राम और चांदी ₹3.86 लाख/किलो थी। इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 21,883 रुपए सस्ता हो चुका है।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी की इस गिरावट की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आया मंदी का रुख है। वैश्विक स्तर पर चांदी की कीमतों में 1 फीसदी से अधिक की बड़ी गिरावट देखी गई और यह फिसलकर 72.89 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई।
बाजार के जानकारों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितताओं और करेंसी मार्केट में हो रहे उतार-चढ़ाव का सीधा असर सर्राफा बाजार पर पड़ रहा है। सोने का ₹1.60 लाख के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आना शॉर्ट-टर्म इनवेस्टर्स के लिए थोड़ा चिंताजनक हो सकता है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए इस तरह का करेक्शन खरीदारी का एक अच्छा मौका साबित हो सकता है।

