वोडाफोन आइडिया शेयर ने एक लाख को एक महीने में बना दिया 1.43 लाख रुपये
मुंबई- वोडाफोन आइडिया के शेयर गुरुवार को एक फीसदी से ज्यादा उछाल के साथ 15 रुपये का लेवल पार कर गया। यह वोडाफोन आइडिया के इनवेस्टर्स के लिए राहत की बात है। बीते एक महीने में यह शेयर करीब 43 फीसदी चढ़ा है।
Vodafone Idea ने बताया है कि क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ICRA ने उसकी रेटिंग बढ़ाई है। उसने शेयर का आउटलुक भी बढ़ाकर ए-/स्टेबल किया है। एक हफ्ते क्रिसिल ने भी वोडाफोन की रेटिंग बढ़ाई थी। ब्रोकरेज फर्मों ने भी वोडोफोन आइडिया को लेकर अपनी राय बदली है। सिटी रिसर्च ने इस शेयर पर ‘हाई रिस्क’ की अपनी रेटिंग हटा दी है। उसने निवेशकों को यह शेयर खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर का प्राइस टारगेट 14 रुपये से बढ़ाकर 17 रुपये कर दिया है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी को एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू में बड़ी राहत मिली है। वोडाफोन आइडिया कर्ज के लिए एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के कंसोर्शियम से बातचीत कर रही है। बताया जाता है कि यह बातचीत अंतिम चरण में है। अगर कंपनी को पैसा मिलता है तो वह अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए पूंजीगत खर्च करेगी। हाल में कंपनी के सीईओ अभिजीत किशोर ने कहा था कि कंपनी अपनी सभी वित्तीय जिम्मेदारियां पूरी करेगी।
वोडाफोन का शेयर इस साल 2 अप्रैल को गिरकर 8.13 रुपये के लेवल पर पहुंच गया था। उसके बाद से इसमें करीब 85 फीसदी तेजी दिखी है। हाल में सीईओ ने बताया था कि कंपनी बड़ी मुश्किल से बाहर आ चुकी है। उन्होंने ब्रांड को मजबूत करने पर निवेश के प्लान के बारे में भी बताया था।
बाजार के जानकारों का कहना है कि जो निवेशक लंबे समय से वोडाफोन आइडिया के शेयरों में फंसे हुए हैं, वे मौजूदा तेजी में प्रॉफिट बुक कर सकते हैं। जिन इनवेस्टर्स के पास यह शेयर है, वे होल्ड कर सकते हैं। लेकिन, अच्छे मुनाफे के लिए उन्हें इंतजार करना होगा। नए निवेशक वोडाफोन के शेयरों में निवेश कर सकते हैं। लेकिन, उन्हें यह समझना होगा कि अभी कंपनी के लिए आगे का रास्ता बहुत आसान नहीं है। कंपनी पर काफी कर्ज है।

