टीसीएस के शेयरों की जमकर पिटाई, 2020 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट

मुंबई- देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS के शेयरों में बुधवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। शेयर दिन के कारोबार में 9% तक टूट गया। अंत में यह 2,244.40 रुपये पर बंद हुआ। यह मार्च 2020 के कोरोना संकट के बाद TCS के शेयर में सबसे बड़ी एकदिन की गिरावट है। कोविड क्रैश में TCS की सबसे बड़ी एकदिन गिरावट 23 मार्च 2020 को 12.7 फीसदी की हुई थी।

शेयर में बड़ी गिरावट से TCS के मार्केट कैप को भी जोरदार झटका लगा है। इसके मार्केट कैप से करीब 80,000 करोड़ रुपये साफ हो गए। इस साल अब तक कंपनी के मार्केट कैप में करीब 4 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ चुकी है। साल की शुरुआत में TCS का मार्केट कैप करीब 11.6 लाख करोड़ रुपये था।

अब बाजार की नजर 2,210 रुपये के स्तर पर है। एनालिस्टों का मानना है कि यह शेयर के लिए एक अहम सपोर्ट लेवल है। अगर TCS का शेयर इस स्तर से नीचे जाता है, तो कंपनी का मार्केट कैप 8 लाख करोड़ रुपये से नीचे फिसल सकता है। पिछले तीन महीनों में केवल चार ऐसे मौके आए थे, जब एक दिन में TCS के 1 करोड़ से ज्यादा शेयरों में कारोबार हुआ था।

टेक्निकल इंडिकेटर के मुताबिक, TCS का शेयर अब उस स्तर के करीब पहुंच रहा है, जहां ओवरसोल्ड मान लिया जाता है। डेली चार्ट पर कंपनी का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) गिरकर 39 पर आ गया है। आमतौर पर RSI 30 से नीचे जाने पर शेयर को ओवरसोल्ड माना जाता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि शेयर में तुरंत तेजी लौट आएगी।

TCS का शेयर साल 2026 में अब तक 30.6% गिर चुका है। वहीं सिर्फ पिछले एक महीने में इसमें करीब 10% की गिरावट आई है। हालांकि इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद TCS अभी भी मार्केट कैप के हिसाब से देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी बनी हुई है। क्योंकि ऐसी गिरावट इंफोसिस, विप्रो और बाकी आईटी कंपनियों में भी दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *