एसबीआई 6 दिन तक रहेगा बंद, जानिए कैसे आपकी बैंकिंग सेवा होगी प्रभावित

मुंबई- भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। 23 मई से 28 मई 2026 तक अलग-अलग कारणों से बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित रहेगा। इस दौरान ग्राहकों को केवल ऑनलाइन सेवाओं का ही सहारा लेना होगा।

SBI में लगातार 6 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं अलग-अलग कारणों से प्रभावित रहेंगी। इसमें साप्ताहिक अवकाश, सरकारी छुट्टियां और कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल शामिल हैं। 23 मई को शनिवार और 24 मई को रविवार की वजह से बैंक बंद रहेगा। 25 और 26 मई को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर दिखेगा। 27 और 28 मई को बकरीद की वजह से कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेगा।

भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी संगठन अपनी 16 मांगों को लेकर हड़ताल पर जा सकते हैं। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने इस आंदोलन का ऐलान किया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों में नौकरी की सुरक्षा, बेहतर कामकाजी परिस्थितियां और भर्ती से जुड़े कई मुद्दे शामिल हैं। ऐसे में हड़ताल के दौरान देशभर की शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।

हड़ताल से जुड़ी मांगों में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से खाली पदों पर स्थायी भर्ती, शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था, पेंशन और प्रमोशन नीति में सुधार, आउटसोर्सिंग पर रोक, और कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य बदलाव शामिल हैं। साथ ही मेडिकल सुविधाओं में सुधार, HR सिस्टम की समस्याओं का समाधान और काम के दबाव को कम करने जैसी मांगें भी रखी गई हैं।

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को राहत दी गई है। इस दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। ग्राहक यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए लेनदेन कर सकेंगे। इसके अलावा एटीएम सेवाएं भी सामान्य रूप से काम करती रहेंगी, जिससे नकदी निकासी में कोई बड़ी परेशानी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *