मस्क बन सकते हैं दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर, स्पेसएक्स सबसे बड़ा IPO लाएगी
मुंबई- एलन मस्क जल्द ही दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन सकते हैं। मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है, जो वॉल स्ट्रीट के इतिहास का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। इसकी लिस्टिंग के बाद मस्क की नेटवर्थ 1 ट्रिलियन के पार पहुंच सकती है। फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, अभी मस्क 807 बिलियन डॉलर यानी 77 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं।
स्पेसएक्स ने खुद की वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी है। इस वैल्यूएशन से स्पेसएक्स में मस्क की बहुमत हिस्सेदारी की कीमत 600 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है। उनकी मौजूदा संपत्ति और इस लिस्टिंग को मिलाकर मस्क की कुल नेटवर्थ 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर सकती है।
मस्क पिछले साल ही 500 अरब डॉलर की नेटवर्थ पार करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने थे। वह इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला के CEO भी हैं। स्पेसएक्स में कॉमन शेयर्स और क्लास बी शेयर्स के कॉम्बिनेशन के जरिए मस्क के पास 85.1% वोटिंग पावर है।

