इस साल देश में 53,000 रुपये बढ़ सकता है सोने का भाव, यह है इसका कारण

मुंबई- सोने की कीमतों में जोरदार तेजी का नया अनुमान आया है। Saxo Bank में कमोडिटी स्ट्रैटजी के हेड ओले हेनसेन (Ole Hansen) का मानना है कि अगले 12 महीनों में गोल्ड नई रिकॉर्ड ऊंचाई बना सकता है। इसकी कीमत 6000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है।

फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड 4490 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रहा है। वहीं भारत में सोने का भाव करीब 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका है। अगर गोल्ड 4490 डॉलर से बढ़कर 6000 डॉलर तक जाता है, तो यह करीब 33.6% की तेजी होगी। यानी अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की कीमत में लगभग एक तिहाई का उछाल देखने को मिल सकता है। Ole Hansen का कहना है कि फिलहाल ऊंचे बॉन्ड यील्ड, मजबूत अमेरिकी डॉलर और महंगाई का दबाव गोल्ड पर असर डाल रहा है। लेकिन. लंबी अवधि में कई बड़े फैक्टर्स अभी भी सोने को सपोर्ट कर रहे हैं।

अगर भारतीय बाजार में भी इसी अनुपात में तेजी आती है, तो 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का भाव करीब 2.12 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। यानी मौजूदा स्तर से करीब 53 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि भारत में सोने की असली कीमत सिर्फ इंटरनेशनल गोल्ड प्राइस से तय नहीं होती। डॉलर-रुपया एक्सचेंज रेट, आयात शुल्क, GST और घरेलू मांग जैसे फैक्टर्स भी कीमतों पर बड़ा असर डालते हैं। इसलिए वास्तविक भाव इससे थोड़ा ऊपर या नीचे रह सकता है।

Ole Hansen का मानना है कि दुनिया में आर्थिक और भूराजनैतिक अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की तरफ जाते हैं। सुरक्षित निवेश के मामले में गोल्ड का कोई तोड़ ही नहीं है। उनके मुताबिक, कई बड़े ग्लोबल फैक्टर्स अभी भी गोल्ड को लंबी अवधि में मजबूती दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *