वोडाफोन आइडिया का शेयर सोमवार को भागेगा, एजीआर में 27 फीसदी की राहत
मुंबई- दूरसंचार विभाग (डॉट) ने वोडाफोन आइडिया (वीआई) के समायोजित एडजस्टिड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया को फिर से गिनती करने के बाद 27 प्रतिशत घटाकर 87,695 करोड़ रुपये से 64,046 करोड़ रुपये कर दिया है। डॉट की तरफ से फिर से रिवेल्यू किए गए इस बकाया राशि को गठित समिति ने अंतिम रूप दिया है और इन्हें 31 दिसंबर 2025 तक स्थिर कर दिया गया है।
ज्यादातर राशि का भुगतान वित्त वर्ष 2036 से शुरू होकर छह वर्षों में छह किस्तों में किया जाएगा। इससे कंपनी को पहले दिए गए 10 वर्षों की राहत अवधि बरकरार रहेगी। वीआई ने गुरुवार को बीएसई फाईलिंग में बताया, ”हम सूचित करना चाहते हैं कि डॉट ने 30 अप्रैल के अपने सन्देश के जरिए बताया है कि इस उद्देश्य के लिए गठित समिति ने 31 दिसंबर 2025 तक एजीआर बकाया 64,046 करोड़ रुपये तय कर दिया है।”
कंपनी ने बताया कि इस अंतिम राशि का भुगतान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके तहत वित्त वर्ष 2031-32 से वित्त वर्ष 2034-35 तक चार वर्षों में हर साल न्यूनतम 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसके बाद बची हुई राशि को वित्त वर्ष 2036 से वित्त वर्ष 2041 तक छह समान वार्षिक किस्तों में चुकाया जाएगा।
चार वर्षों तक हर साल कम से कम 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा, जो मार्च 2035 तक चलेगा। इसके बाद बची हुई एजीआर देनदारी को 10,608 करोड़ रुपये की छह बराबर वार्षिक किस्तों में मार्च 2036 से मार्च 2041 तक चुकाया जाएगा।

