आधे निवेशक एआई से ले रहे वित्तीय सलाह, युवाओं को एआई टूल्स पर भरोसा
मुंबई- ग्लोबल प्रोफेशनल सर्विसेज कंपनी ईवाई के ताजा सर्वे में एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है। दुनियाभर के करीब आधे लोग निवेश के फैसले एआई की मदद से कर रहे हैं। 23 देशों के 18,000 लोगों पर किए गए सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते छह महीनों में 49% उपभोक्ताओं ने बचत और निवेश से संबंधित निर्णय एआई की मदद से लिए। 37% ने कहा कि वे एआई को व्यक्तिगत वित्तीय सलाह या ऑटोमेटेड फैसलों के लिए काफी उपयोगी मानते हैं।
सबसे ज्यादा उत्साह जेन जी (14-29 साल) और मिलेनियल्स (30-45 साल) के बीच देखा गया। 68% जेन जी और 65% मिलेनियल्स निवेश के फैसले एआई की मदद से करते हैं। ब्रिटेन में 35% लोगों ने बचत और निवेश संबंधी फैसले एआई की मदद से किए। वहां चैटजीपीट सबसे लोकप्रिय टूल बना। गूगल जेमिनाई इस मामले में दूसरे नंबर पर रहा।
ब्रिटेन की वित्तीय नियामक एफसीए ने साफ कहा है कि चैटजीपीटी, क्लॉड जैसे सामान्य आई टूल फाइनेंशियल सर्विसेज के लिए अधिकृत नहीं हैं। इनकी सलाह वित्तीय लोकपाल सेवा या ‘फाइनेंशियल सर्विसेज कम्पनसेशन स्कीम’ के दायरे में नहीं आती। इसका मतलब है कि एआई की मदद से निवेश करने पर यदि कोई नुकसान या फ्रॉड होता है तो कानूनी मदद की गुंजाइश कम होगी। एफसीए ने जनवरी में इस ट्रेंड की समीक्षा भी शुरू की है।

