गोल्ड ETF में ₹31,561 करोड़ का निवेश, 1 साल में 64% तक रिटर्न मिला

मुंबई- 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (गोल्ड ETFs) में निवेशकों ने 31,561 करोड़ रुपए का निवेश किया है। ये दिसंबर 2025 तिमाही के मुकाबले 36% ज्यादा है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में गोल्ड ETF में 23,132 करोड़ रुपए का निवेश आया था।

यह पिछले साल की जनवरी-मार्च तिमाही के मुकाबले करीब 6 गुना ज्यादा निवेश आया है। साल 2025 की पहली तिमाही में यह निवेश मात्र 5,654 करोड़ रुपए था। जियोपॉलिटिकल तनाव और बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक अब सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोने पर ज्यादा भरोसा जता रहे हैं। गोल्ड ETF में 1 साल में 64% तक का रिटर्न मिला है।

गोल्ड ETFs में सिर्फ पैसा ही नहीं बढ़ा, बल्कि निवेशकों की रुचि भी बढ़ी है। मार्च 2025 में निवेशकों के कुल खातों की संख्या 69.69 लाख थी, जो मार्च 2026 तक बढ़कर 1.24 करोड़ हो गई है। यानी एक साल में 54.28 लाख नए खाते जुड़े हैं।

एक्सचेंज ट्रेडेड फंड सोने के गिरते-चढ़ते भावों पर बेस्ड होते हैं। गोल्ड ETFs की खरीद-बिक्री शेयर की ही तरह BSE और NSE पर की जा सकती है। हालांकि, इसमें आपको सोना नहीं मिलता। आप जब इससे निकलना चाहें तब आपको उस समय के सोने के भाव के बराबर पैसा मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *