सेल के चेयरमैन अमरेंदु का इस्तीफा, कृष्ण कुमार सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी
मुंबई- सरकारी कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के सीएमडी अमरेंदु प्रकाश ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह डायरेक्टर (पर्सनल) कृष्ण कुमार सिंह के कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रकाश 31 मई, 2023 को सेल के चेयरमैन बने थे।
पीईएसबी ने इस पोस्ट के लिए अशोक कुमार पांडा के नाम की सिफारिश की है जो अभी सेल में डायरेक्टर (फाइनेंस) हैं। इस पोस्ट के लिए 10 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था। कृष्ण कुमार सिंह प्रचालन (Operations), मानव संसाधन विकास (HRD), सतर्कता (Vigilance) और कार्मिक एवं प्रशासन (P&A) जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग चार दशकों के गहन अनुभव के साथ सेल की विकास गाथा में एक महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1987 में भिलाई इस्पात संयंत्र में एक प्रबंधन प्रशिक्षु (Management Trainee) के रूप में की थी।
उन्होंने कार्मिक और प्रशासन विभाग के कार्यकारी निदेशक (प्रभारी) सहित कई लीडरशिप पदों पर कार्य किया है। उन्हें 2022 में निदेशक (कार्मिक) नियुक्त किया गया, जो उनके गहरे डोमेन ज्ञान और मजबूत नेतृत्व कौशल को दर्शाता है। निदेशक (कार्मिक) के रूप में अपने वर्तमान रोल में सिंह ने सेल के मानव संसाधन के कायाकल्प का नेतृत्व किया है। उन्होंने वर्कफोर्स को भविष्य के लिए तैयार करने हेतु प्रोग्रेसिव कार्मिक कल्याण और विकास योजनाओं की शुरुआत की है।

