इंडिगो का टिकट महंगा, भारत में 950 और विदेश में 10,000 रुपये ज्यादा देने होंगे
मुंबई- देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो से यात्रा करना अब महंगा होगा। घरेलू उड़ानों में अधिकतम ₹950 तक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स में ₹10,000 तक ईंधन का अतिरिक्त चार्ज लगाया है जिससे टिकट महंगे हो गए हैं। एक्स्ट्रा फ्यूल चार्ज लगाया है। नई कीमतें 2 अप्रैल रात 12:01 बजे से लागू हो गई हैं।
इससे पहले कंपनी ने 14 मार्च को भी किराए में बढ़ोतरी की थी। इंडिगो ने 18 दिन में दूसरी बार घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक, यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी जेट फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण लिया गया है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के अनुसार, पिछले एक महीने में फ्यूल की कीमतें 130% से ज्यादा बढ़ी हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस को पूरा बोझ ग्राहकों पर डालने से रोक दिया है। सरकार ने अभी डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए सिर्फ किराए पर 25% बढ़ोत्तरी की ही अनुमति दी है। इंडिगो के अनुसार, आपका सफर जितना लंबा होगा, टिकट के लिए फ्यूल चार्ज भी उतना ही ज्यादा देना होगा।
जेट फ्यूल की कीमतें बढ़ने के चलते दुनियाभर की एयरलाइंस ने न सिर्फ टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं, बल्कि अपने भविष्य के वित्तीय अनुमानों यानी फाइनेंशियल आउटलुक को भी वापस लिया है। एयरलाइंस के लिए जेट-फ्यूल सबसे बड़ा खर्च होता है। कुल ऑपरेटिंग खर्च में इसकी हिस्सेदारी 30% से 40% होती है।

