टीवीएस देगी 1,720 पर्सेंट का डिविडेंड, जानिए इसकी रिकॉर्ड तारीख और भाव
मुंबई- डिविडेंड का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। TVS मोटर की प्रमोटर कंपनी TVS होल्डिंग्स ने अपने शेयरधारकों को मजबूत रिटर्न देने की परंपरा जारी रखा है। कंपनी ने अपने निवेशकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1720% का अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
TVS होल्डिंग्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 86 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है। कंपनी के शेयरों का फेस वैल्यू 5 रुपये है जिसके हिसाब से यह 1720 फीसदी बैठता है। कंपनी में कुल 2,02,32,104 इक्विटी शेयर हैं, जिसके चलते इस डिविडेंड पर कुल 174 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शेयरधारकों को यह डिविडेंड पाने के लिए 2 अप्रैल 2026 तक शेयर अपने नाम रखने होंगे। कंपनी ने रिकॉर्ड डेट 2 अप्रैल 2026 तय किया है। यानी जो लोग उस दिन शाम तक शेयर होल्ड करते होंगे, चाहे वे फिजिकल फॉर्म में हों या डीमैट अकाउंट में, उन्हें ही यह डिविडेंड मिलेगा। डिविडेंड का भुगतान डिक्लेयर होने के 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा।
पिछले सालों में भी कंपनी ने अपने शेयरधारकों को अच्छा-खासा डिविडेंड दिया है। साल 2025 में मार्च में 92 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड दिया गया था। 2024 में अप्रैल में 94 रुपये और 2023 में फरवरी में 59 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भुगतान हुआ था।

