RCB सबसे महंगी IPL टीम, 16.71 हजार करोड़ में बिकी, राजस्थान 15 हजार करोड़ में बिकी
मुंबई- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 16,706 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बोली के साथ बिक गई है। इसके साथ ही बेंगलुरु IPL की सबसे महंगी टीम बन गई। RCB को आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन्स परपिचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटिजी ने मिलकर खरीदा।
राजस्थान रॉयल्स 15,289 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बोली के साथ बिक गई है। राजस्थान अब दूसरी सबसे महंगी IPL टीम बन गई। भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके समूह ने फ्रेंचाइजी के लिए ये सबसे बड़ी बोली लगाई, जिसे मंजूर कर लिया गया।
RCB सबसे महंगी टीम बनी। वहीं राजस्थान ने लखनऊ सुपर जायंट्स का रिकॉर्ड तोड़ा था। लखनऊ को संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने 2021 में 7,090 करोड़ की भारी बोली लगाकर खरीदा था। 2008 में जब राजस्थान रॉयल्स को खरीदा गया था, तब इसकी कीमत लगभग ₹260-270 करोड़ के आसपास बैठती थी। अब 2026 में यही फ्रेंचाइजी 15,289 करोड़ में बिकी
राजस्थान रॉयल्स IPL की शुरुआती टीमों में से एक है, जिसने 2008 में पहला खिताब जीता था। राजस्थान रॉयल्स की फाइनल बिडिंग रेस में चार बड़े ग्रुप शामिल थे। इसमें आदित्य बिरला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप और कैपरी ग्लोबल भी दावेदारी में थे। हालांकि, इन सभी को पीछे छोड़ते हुए काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने आखिरकार यह बोली जीत ली।
काल सोमानी टेक्नोलॉजी और निवेश जगत का बड़ा नाम हैं। उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, AI गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में कई वैश्विक कंपनियां खड़ी की हैं। इस डील के साथ उनका खेल जगत में निवेश और मजबूत हो गया है।
काल सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स में इन्वेस्टर थे। 2021 में उन्होंने फ्रेंचाइजी में एंट्री ली थी। सोमानी ने तब कहा था- हमें इस निवेश में बहुत बड़ी संभावना दिख रही है और हम IPL के भविष्य को लेकर उत्साहित हैं। इससे पहले RR के 65% शेयर ब्रिटिश-इंडियन मनोज बदाले के पास थे।
शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने IPL का पहला सीजन 2008 में जीता था। लेकिन उसके बाद टीम का प्रदर्शन नीचे जाने लगा। उसके बाद से टीम सिर्फ एक बार 2022 में फाइनल में पहुंची है। तब गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उसे हार मिली।

